लालगंज (मिर्जापुर)। बहुती गांव में रविवार शाम एक व्यक्ति ने शराब पीने से मना करने पर पत्नी के गले पर हंसिया से हमला कर दिया। गंभीर हालत में महिला को बीएचयू ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। आरोपी के खिलाफ कोई तहरीर नहीं दी गई है।
लहंगपुर चौकी के बहुती गांव निवासी संजय ने बेटी नगीना (35) की शादी सुक्कल निवासी मधुपुर, थाना राबर्ट्सगंज के साथ 2010 में की थी। दोनों के दो बच्चे भी हैं। नगीना नवरात्र में मायके आई थी। पुलिस के अनुसार सुक्कल रविवार को दिन में नगीना की विदाई कराने आया था। शाम को सुक्कल के नशे में घर पहुंचने पर नगीना ने एतराज जताया। इसी को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया और मामला बढ़ने पर सुक्कल ने हंसिया से नगीना के गर्दन पर वार कर दिया। नगीना के खून से लथपथ होने के बाद सुक्कल भाग गया। नगीना के पिता संजय की सूचना पर चौकी पुलिस और यूपी-100 पुलिस पहुंच गई। यूपी-100 की गाड़ी से ही महिला को मंडलीय चिकित्सालय भेजवाया। चिकित्सकों ने उसे ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया।
एक युवक ने पत्नी पर धारदार हथियार से हमला कर घायल कर दिया है। महिला को बीएचयू के ट्रामा सेंटर भेजा गया है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
- रमाकांत सिंह, सीओ लालगंज।