मिर्जापुर। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में गुरुवार को हुए सड़क हादसों में दो युवकों की मौत हो गई। लालगंज-हलिया मार्ग पर पावर हाउस के समीप अनियंत्रित बाइक एक मकान की दीवार से टकरा गई। जिससे बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि चील्ह थाना क्षेत्र के शास्त्री पुल पर गुरुवार की तड़के सड़क पर टहलते समय एक युवक को तेज रफ्तार ट्रक ने रौंद दिया। जिससे उसकी घटना स्थल पर ही मौत हो गई। युवक रात में ही अपनी पत्नी की विदाई कराने के लिए ससुराल आया था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हलिया संवाददाता के अनुसार लालगंज-हलिया मार्ग पर स्थित हलिया पावर हाउस के पास गुरुवार की पूूूर्वाहन 11 बजे अनियंत्रित बाइक एक मकान के दीवार से जाकर टकरा गई। जिसमें बाइक चला रहा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी होते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पीएचसी हलिया लेजाया गया। जहां पहुंचने पर चिकित्सक ने देेखते ही युवक को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर हलिया थानाध्यक्ष प्रवीण सिंह पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। लालगंज थाना क्षेत्र के लोहरौह गांव निवासी सुरेश विश्वकर्मा 28 वर्ष पुत्र हरिशंकर विश्वकर्मा गुरुवार को किसी काम से हलिया बाजार आया था। वहां से लौटते समय जैसे ही बाइक सवार युवक हलिया पावर हाउस के पास पहुंचा कि उसकी बाइक का संतुलन बिगड़ गया और सड़क किनारे स्थित एक मकान की दीवार से जाकर टकराकर गंभीर रूप से घायल हो गया। बाइक की स्पीड काफी होने के कारण वह कंट्रोल नहीं कर पाया और हादसे का शिकार हो गया।
उधर चील्ह थाना क्षेत्र के शास्त्रीपुल पर सुबह तड़के टहलने निकले एक युवक को ट्रक ने रौंद दिया। हादसे में युवक की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची चील्ह पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताते हैं कि चुनार कोतवाली क्षेत्र के बालूघाट निवासी संतोष साहनी 27 वर्ष पुत्र रामधनी की शादी चील्ह थाना क्षेत्र के मवैया गांव निवासिनी एक युवती से दो महीने पूर्व हुआ था। शादी के बाद उसकी पत्नी ससुराल से मायके चली आई थी। वर्तमान समय में वह मायके में ही मौजूद थी। जिसकी विदाई कराने के लिए संतोष बुधवार की शाम अपने ससुराल मवैया आया हुआ था। भोर करीब तीन बजे नींद खुलने पर वह टहलने के लिए शास्त्री पुल की ओर निकल पड़ा। वह पुल की ओर जा रहा था। कुछ देर बाद इस पार चाय पीने के लिए आने लगा। इसी बीच औराई की ओर से मिर्जापुर आ रहे ट्रक ने उसे धक्का मार दिया। टक्कर लगते ही युवक सड़क पर गिर पड़ा जिसे ट्रक कुचलते हुए निकल गया। अंधेरा होने के कारण चालक वाहन लेकर फरार हो गया। सुबह करीब पांच बजे लोग टहलने के लिए निकलेे तो देखा कि एक युवक लाश पड़ी है। जानकारी होते ही लोगों ने आसपास के लोगों को उसकी पहचान के लिए बुलाया। जानकारी होते ही संतोष के ससुराल के लोग पहुंचे और उसकी पहचान करते हुए पुलिस को सूचित किया।