वाराणसी। भेलूपुर थाना क्षेत्र के आशुतोष नगर कालोनी में शुक्रवार को फायरिंग की घटना के बाद से अफरातफरी मच गई। दिनदहाड़े चार मोटरसाइकिल पर सवार आठ बदमाश ठेकेदारी करने वाले जितेंद्र विश्वकर्मा पर नौ राउंड फायरिंग की। स्थानीय लोगों के ललकारने पर बदमाश एक मोटरसाइकिल छोड़कर भाग निकले। बदमाशों की गोली से जितेंद्र बाल-बाल बच गये। नाराज लोगों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की । पुलिस ने मौके से एक अपाचे मोटरसाइकिल सहित .32 बोर की पांच खोखा बरामद किया है। ठेकेदार की पत्नी संजना की तहरीर पर पुलिस ने एक नामजद सहित सात अज्ञात पर मुकदमा दर्ज किया है।
मूल रूप से सामनेघाट के रहने वाले जितेंद्र विश्वकर्मा आशुतोष नगर कालोनी में अधिवक्ता पंकज सिंह के मकान में किराए पर रहते हैं। जितेंद्र की पत्नी संजना ने आरोप लगाया है कि वीरेंद्र उर्फ बीरू अपने आठ साथियों के चार मोटरसाइकिल पर सवार होकर शुक्रवार की दोपहर 3:30 बजे घर पहुंचे और जितेंद्र को होली मिलने के लिए घर से बुलाकर बाहर कुछ दूर ले जाकर राड-डंडे से पिटाई करने लगे। शोर-शराबा सुनकर क्षेत्रीय लोग बीच-बचाव के लिये दौड़े तो बदमाश फायरिंग करते हुए भाग निकले। बदमाशों ने नौ राउंड फायरिंग की। सूचना के बावजूद पुलिस के न पहुंचने पर मौके पर आक्रोशित लोगों ने लामबंद होकर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। एक घंटे बाद दो थानों की पहुंची पुलिस ने मौके से पांच खोखा और बदमाशों की मोटरसाइकिल बरामद की। सीओ भेलूपुर एपी सिंह ने बताया कि पैसे के लेनदेन का विवाद है। बदमाश जल्द ही पकड़े जाएंगे। संजना की तहरीर पर वीरेंद्र पटेल उर्फ बीरू समेत सात के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। गोली चलाने की घटना पास में लगे सीसी फुटेज में कैद है।