शाहगंज (जौनपुर)। नगर पालिका परिषद चुनाव के दिन प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच हुए विवाद मामले में पुलिस ने नगरपालिका के पूर्व अध्यक्ष जयप्रकाश गुप्ता, उनकी पत्नी पूर्व पालिका अध्यक्ष व प्रत्याशी सुमन गुप्ता समेत 43 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने यह कार्रवाई नव निर्वाचित नगरपालिका अध्यक्ष गीता जायसवाल के ओपी टावर पर तैनात गार्ड की तहरीर पर की है।
शाहगंज नगरपालिका की नव निर्वाचित अध्यक्ष गीता जायसवाल का आजमगढ़ मार्ग पर ओपी टावर है। टावर के गार्ड ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि चुनाव के दिन जयप्रकाश गुप्ता ने समर्थकों के साथ टावर पर पहुंचकर गाली गलौज की। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई। पुलिस ने जयप्रकाश गुप्ता, सुमन गुप्ता, दिनेश गांधी, धर्मेंद्र अग्रहरि, संतोष पांडेय, विजय अग्रहरि, सुभाष अग्रहरि, रत्नेश, वेदप्रकाश, विनोद जायसवाल, सियाराम, संतोष सेठ व 30 अज्ञात के विरुद्ध आइपीसी की धारा 147, 323, 504 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। दूसरा मुकदमा बृजेश जायसवाल निवासी सिपाह इब्राहिमपुर थाना मधुबन मऊ दर्ज कराया है। उन्होंने पुलिस को दी गई तहरीर में कहा है कि वह चुनाव के दिन बालिका इंटर कालेज के बूथ पर लगे लोगों को नाश्ते का पैकेट देने के लिए जा रहे थे। आरोप लगाया कि इसी दौरान निर्दल प्रत्याशी सुमन गुप्ता के समर्थक धर्मेंद्र अग्रहरि व संतोष सेठ ने अभद्रता के साथ मारपीट की। तहरीर पर पुलिस ने धारा 323, 504, 506 के तहत मामला दर्ज किया है। इस संबंध में नगरपालिका शाहगंज के पूर्व अध्यक्ष जयप्रकाश गुप्ता ने बताया कि सभी मुकदमे फर्जी और निराधार हैं। राजनीतिक रंजिश के चलते उनके और समर्थकों पर मुकदमा दर्ज कराकर प्रताड़ित करने का काम किया जा रहा है।