वाराणसी। नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि स्वच्छता सर्वेक्षण 2019 की शुरुआत चार जनवरी से होगी। इसके पूर्व स्वच्छ भारत मिशन के तहत स्वच्छ वार्ड प्रतियोगिता होगी। इसमें प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार के अलावा दो सांत्वना पुरस्कार भी दिए जाएंगे। यह पुरस्कार 23 दिसंबर को जिला स्तर पर दिए जाएंगे। इसके साथ ही उन वार्डों को विशेष पैकेज भी दिया जाएगा और बेहतर प्रदर्शन करने वाले वार्डों के पार्षदों को 25 दिसंबर को मुख्यमंत्री लखनऊ में सम्मानित करेंगे। वे शनिवार को लहुराबीर स्थित राजकीय क्वींस कालेज में विशेष स्वच्छता रैली के समापन पर बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। इस दौरान महापौर मृदुला जायसवाल और नगर आयुक्त डा. नितिन बंसल ने बेहतर काम करने वाले वार्ड में एक करोड़ रुपये से विकास करने का आश्वासन दिया।
नगर विकास मंत्री ने आगे कहा कि यूपी भी सम्मानित होगा और इसकी शुरुआत काशी ही करेगा। काशी को माडल सिटी के रूप में देखना चाहते हैं।
स्वच्छता सर्वेक्षण में वाराणसी को एक नंबर पर पहुंचाएंगे। सालिड वेस्ट मैनेजमेंट की पालिसी बनाएंगे। कोई कंपनी आए और अपनी जमीन पर कूड़ा संयंत्र लगाकर कूड़ा निस्तारण करे। बिजली बनाए या कुछ और बनाए हम सहयोग करेंगे। दूसरी पॉलिसी में 35 प्रतिशत सब्सिडी देंगे। इस मौके पर नगर विकास मंत्री ने लोगों को स्वच्छता का संकल्प भी दिलाया। इसके पूर्व नगर निगम की ओर से कुल चार स्थानों भारत माता मंदिर, मजदा वाहन स्टैंड, तेलियाबाग तिराहा और टाउनहाल से रैली निकली गई, जो क्वींस कालेज आकर समाप्त हुई। तेलियाबाग से निकली रैली में खुद नगर विकास मंत्री शामिल हुए। इस मौके पर विधायक रवींद्र जायसवाल, सौरभ श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे। अमलेश शुक्ल ने गायन के जरिए सभी का दिल जीत लिया।