जौनपुर। पवारा थाना क्षेत्र के बरेठी गांव में हुई किशोरी की हत्या का खुलासा करते हुए पुलिस ने कातिल बहन और उसके प्रेमी के दोस्त को गिरफ्तार कर लिया। किशोरी ने प्रेमी के साथ बड़ी बहन को आपत्तिजनक हालत में देखा था। भेद खुलने के डर से किशोरी की हत्या की गई।
पवारा थाना क्षेत्र के रामपुर कला गांव की किशोरी की निर्वस्त्र लाश 15 दिसंबर को सुबह घर से पांच सौ मीटर दूर बरेठी गांव के एक खेत में पाई गई थी। घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी। लड़की के भाई की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया था। सोमवार को पुलिस लाइन में घटना का खुलासा करते हुए एसपी केके चौधरी ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने टीम गठित की थी। क्षेत्राधिकारी मछलीशहर सौम्या पांडेय टीम का मार्गदर्शन कर रही थी। पुलिस टीम ने घटना की बारीकी से छानबीन की। घटना के बाद मौके पर पहुंचे डाग स्क्वॉड से मिले संकेत के बाद से ही पुलिस लड़की के परिवार के किसी न किसी सदस्य को घटना में शामिल होने का शक हो गया था। इसी शक के आधार पर पुलिस टीम ने परिवार के सभी सदस्यों से अलग अलग पूछताछ की। पूछताछ के दौरान मृतका की बड़ी बहन घबरा गई। पुलिस ने उससे कड़ाई से पूछताछ की तो वह टूट गई। उसने घटना का जो खुलासा किया उससे परिवार के लोग भी दंग रह गए। उसने पुलिस को बताया कि उसका अपने रिश्तेदारी के एक युवक रमेश यादव निवासी खजुरी थाना मछलीशहर से प्रेम संबंध है। छोटी बहन ने दोनों को आपत्तिजनक हालत में देख लिया था। उसने यह बात परिवार के लोगों को बताने की धमकी दी थी। इसी भय से उसे रास्ते से हटाने को ठान ली। घटना वाली रात वह बहन को लिवाकर खेत की तरफ गई थी। प्लानिंग के तहत उसका प्रेमी रमेश अपने दोस्त उमाशंकर सरोज निवासी खजुरी थाना मछलीशहर के साथ मौजूद था। तीनों ने मिलकर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। वारदात को दूसरा रूप देने के लिए उसके शरीर से कपड़े फाड़ कर अलग कर दिए और पास में रुपये और चप्पल रख दिया। पुलिस ने मृत किशोरी की बड़ी बहन और उसके प्रेमी के दोस्त उमाशंकर सरोज को गिरफ्तार लिया।