मड़ियाहूं (जौनपुर)। कस्बे के रेलवे क्रासिंग बाईपास पर रविवार की शाम करीब सवा छह बजे स्कूटी में बोलेरो से टक्कर लगने पर आपत्ति जताने पर बोलेरो में सवार एक बदमाश ने स्कूटी चालक को गोली मार दी और हवाई फायरिंग करते सारे बदमाश भदोही की तरफ भाग निकले। पुलिस ने बदमाशों का पीछा किया पर वे पकड़े नहीं जा सके। घायल युवक को पहले सीएचसी ले जाया गया जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
मड़ियाहूं कस्बे के दिलावरपुर मोहल्ला निवासी राजाराम पटेल के पुत्र अरुण पटेल (38) की कस्बे में ही डीजे और लाइटिंग की दुकान है। अरुण रविवार की शाम स्कूटी से मड़ियाहूं की तरफ जा रहा था। वह रेलवे क्रासिंग बाईपास पर जाम में फंसा था कि इसी बीच एक बोलेरो चालक ने हड़बड़ी में वाहन को आगे बढ़ाया तो अरुण की स्कूटी में टक्कर लग गई।
अरुण नेआपत्ति की तो बोलेरो चालक विवाद करने लगा। इसी बीच बोलेरो में सवार छह बदमाशों में एक ने पिस्टल से अरुण पर गोली चला दी। पेट में गोली लगने से अरुण वहीं गिर पड़ा। घटना के बाद बाईपास पर भगदड़ मच गई। कुछ ही समय में जाम समाप्त हो गया और बोलेरो सवार हवाई फायरिंग करते हुए भदोही की तरफ भाग निकले। बाइक सवार एक युवक ने बोलेरो का पीछा किया पर सफल नहीं हुआ। घटना की सूचना पर पुलिस ने भी बोलेरो सवारों का पीछा किया लेकिन वे पकड़े नहीं जा सके। घायल अरुण को पुलिस ने सीएचसी पहुंचाया जहां उसकी हालत गंभीर देख डाक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। सीओ मड़ियाहूं रामभुवन यादव ने कहा कि बोलेरो का पता लगा लिया गया है। बदमाश बहुत जल्द गिरफ्तार कर लिए जाएंगे। पीड़ित पक्ष की ओर से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलते केस दर्ज किया जाएगा।