आदर्श आचार संहिता के मद्देनजर स्टेटिक सर्विलांस और पुलिस की संयुक्त टीम ने सोमवार रात बड़ागांव थाना के बसनी तिराहे से एक कैश वैन से एक करोड़ पांच लाख रुपये बरामद किए। वैन सवार रुपये से संबंधित कागजात नहीं दिखा सके। पुलिस ने रुपये जब्त कर लिए। मंगलवार सुबह आयकर विभाग के अधिकारियों ने दोबारा वैन सवार तीनों से पूछताछ की। कागजात न दिखाने पर रुपये कस्टडी में ले लिया और तीनों को छोड़ दिया गया।
पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) आशीष तिवारी ने बताया कि सोमवार रात करीब 10 बजे एसआईएस कंपनी की कैश वैन बाबतपुर की ओर जा रही थी। बड़ागांव थानाध्यक्ष संजीव कुमार मिश्र ने वैन रुकवाई तो उसमें सुमित गुप्ता, पुनीत कुमार सिंह और राजनारायण चौबे बैठे थे। हरहुआ चौकी प्रभारी राघवेंद्र कुमार ने तलाशी ली तो वैन से एक बॉक्स में एक करोड़ पांच लाख रुपया मिला। तीनों ने बताया कि वे एटीएम में रुपये डालने जा रहे थे। वहीं, बड़ागांव थानाध्यक्ष ने बताया कि रात 10 बजे देहात क्षेत्र के एटीएम में रुपये जमा करने की बात पर संदेह हुआ तो पूछताछ शुरू की गई थी। आयकर अधिकारी पूछताछ में संतुष्ट नहीं हुए तो बरामद रुपये को उन्होंने अपनी अभिरक्षा में ले लिया।