सारनाथ। जिला प्रशासन पर्यटकों को नई सुविधा देना तो दूर उनको सुरक्षा तक प्रदान नहीं कर पा रहा है। यहीं वजह है कि शनिवार की सुबह दिनदहाड़े पुरातत्व कार्यालय व खंडहर परिसर के समीप खड़ी कार का शीशा तोड़कर चोर पर्यटकों का दो बैग लेकर चंपत हो गए। बैग में 30 हजार रुपये था। पास ही स्थित बूथ पर तैनात पुलिस कर्मियों तक को इसकी भनक नहीं लगी। हद तो तब हो गई जब घटनास्थल के समीप लगा सीसीटीवी कैमरा खराब मिला। इसको लेकर सैलानियों व स्थानीय लोगों में जबरदस्त रोष है। उधर सैलानी की तहरीर पर मुकदमा दर्जकर पुलिस उचक्कों की तलाश में लग गई है।
पुरातत्व विभाग के प्रवेश द्वार के बगल में कार खड़ी कर रायपुर (छत्तीसगढ़) से आए पर्यटक पंकज और परिवार के आठ सदस्य सारनाथ घूमने चले गए। उसी दौरान गाड़ी का शीशा तोड़कर चोर दो हैंडबैग चुरा ले गए। वारदात के ठीक दूसरी तरफ सड़क उस पार पर्यटक पुलिस का बूथ और थोड़ी दूर पर स्थानीय पुलिस का बूथ है। बावजूद इसके घटना को आराम से अंजाम देकर चोर निकल गए। पुरातत्व विभाग के परिसर में आठ सीसीटीवी कैमरों में से वही कैमरा खराब मिला, जो वारदात के ठीक सामने लगा हुआ है। इससे चोरों का सुराग नहीं लग सका। अधीक्षण पुरातत्वविद नीरज सिन्हा ने बताया कि सीसीटीवी कैमरा पिछले 10 दिन से खराब है। इसकी सूचना संबंधित कंपनी को दे दी गई है। पंकज ने बताया कि वे 11 अक्तूबर को काशी दर्शन के लिए आए थे। शनिवार की सुबह 9:30 बजे घूमने के लिए सारनाथ पहुंचे। पुरातत्व संग्रहालय देखकर 45 मिनट बाद लौटे तो देखा कि कार का शीशा टूटा हुआ है। उसमें से दो हैंडबैग चोरी हो गए। उन्होंने बताया कि एक हैंडबैग में 25 हजार व दूसरे में 5 हजार रुपये था।