मारपीट के बाद घायलों को ट्रामा सेंटर लेकर पहुंची पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
बीएचयू कैंपस में आगजनी, हिंसा, तोड़फोड़ की घटना के अभी एक महीना भी नहीं बीता कि शनिवार को फिर बड़ा बवाल हो गया। शाम को क्रिकेट मैच के दौरान कहासुनी के बाद छात्रों के दो गुटों में जमकर मारपीट होने से अफरा-तफरी मची रही।
रूईया हॉस्टल के छात्रों के बीच आपस में हुए इस बवाल में आधा दर्जन छात्रों को चोट आई हैं, जिनका इलाज ट्रामा सेंटर में चल रहा है। उधर सूचना पाकर मौके पर पहुंची चीफ प्राक्टर ने किसी तरह मामला शांत कराया, कुछ देर बाद ही पुलिस और भारी संख्या में पीएसी के जवान भी कैंपस पहुंच गए।
विश्वविद्यालय परिसर में हर दिन शाम को छात्र क्रिकेट खेलते हैं। शनिवार की शाम को भी मैच चल रहा था कि रूईया छात्रावास में रहने वाले मेडिकल छात्रों (बीडीएस और एमबीबीएस) की आपस में क्रिकेट के बाल को लेकर कहासुनी हुई।
शाम को मैच के दौरान बस हल्की मारपीट के बाद मामला शांत हो गया और छात्र हॉस्टल में लौट आए। इसी बीच रात करीब आठ बजे एक बार फिर दोनों गुटों के बीच जमकर मारपीट हुई। करीब आधे घंटे तक चले इस बवाल में दोनों पक्षों से तीन-तीन छात्र घायल हैं, जिन्हें तत्काल ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
उधर सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची चीफ प्राक्टर प्रो. रोयाना सिंह और लंका एसओ के साथ पीएसी भी पहुंची। घायलों का फिलहाल इलाज चल रहा है और एहतियातन मेन गेट के साथ ही छात्रावासों के पास सुरक्षा बढ़ा दी गई है।