वाराणसी। प्रतिबंधित जानलेवा चाइनीज मंझे की चपेट में आने से शनिवार को ककरमत्ता आरओबी पर बाइक सवार जहीर अहमद का गला कट गया। राहगीरों की मदद से उन्हें नजदीक के अस्पताल ले जाया गया जहां आधा दर्जन से अधिक टांके लगे। जहीर अहमद मंडुवाडीह बाजार से बच्चों के साथ गुड़ पट्टी खरीदने निकले थे। बीते दिसंबर महीने से अब तक 30 से ज्यादा लोग इसी तरह से गंभीर रूप से घायल हो चुके हैं लेकिन कार्रवाई के नाम पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी आंखें ही मूंदे हैं।
चाइनीज मंझे की बिक्री के लिए चिह्नित दालमंडी, हड़हा, बेनिया, औरंगाबाद और नदेसर में शनिवार को भी पुलिस और प्रशासन की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई। खिचड़ी के मद्देनजर इन दिनों पतंगबाजी अपने शबाब पर है और शनिवार को चिह्नित इलाकों से चोरी छिपे चाइनीज मंझे की जमकर बिक्री हुई। मगर, डीएम की सख्ती के बावजूद मजिस्ट्रेटों और थानेदारों ने चाइनीज मंझे की तलाश में कहीं भी छापेमारी नहीं की और न किसी पर कार्रवाई होते देखी गई। उधर, चौबेपुर थानाध्यक्ष ओम नारायण सिंह ने बताया कि चौबेपुर और जाल्हूपुर में छापामारी कर एक क्विंटल चाइनीज मंझे के साथ तीन लोगों को हिरासत मेें लिया गया है।