महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में दाखिले की प्रक्रिया शुरू हो गई है। प्रवेश परीक्षाओं के समाप्त होने के साथ ही विश्वविद्यालय प्रशासन रिजल्ट तैयार करने में जुट गया है। विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि सितंबर के प्रथम सप्ताह में प्रवेश परीक्षा के परिणाम जारी कर दिए जाएंगे।
काशी विद्यापीठ में प्रवेश परीक्षाओं के बाद अब उत्तर कुंजी पर आपत्तियां मांगी जा रही हैं। आपत्तियों के लिए विश्वविद्यालय ने छात्रों को 31 अगस्त तक का समय निर्धारित किया है। वहीं पूर्व में मिली आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया भी साथ-साथ चल रही है। विद्यापीठ के स्नातक व स्नातकोत्तर के 59 पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए 33026 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। इसमें 30 पाठ्यक्रमों के लिए 1766 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। निर्धारित सीट के सापेक्ष दोगुने से कम आवेदन आने के कारण 29 पाठ्यक्रमों में ही प्रवेश परीक्षाएं आयोजित कराई गईं। बाकी 30 पाठ्यक्रम में मेरिट से दाखिले होंगे। जनसंपर्क अधिकारी डॉ. नवरत्न सिंह ने बताया कि प्रवेश परीक्षा परिणाम जारी करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। दाखिले के लिए काउंसिलिंग सितंबर के दूसरे सप्ताह से शुरू कराने की योजना है। स्नातक व स्नातकोत्तर के विभिन्न पाठ्यक्रमों में दाखिले 15 सितंबर तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।