बीएचयू में बीएससी में दाखिले के लिए 11 दिसंबर से काउंसिलिंग शुरू होगी। मैथ ग्रुप में 11 दिसंबर जबकि बायो ग्रुप वाले अभ्यर्थियों के प्रवेश की प्रक्रिया 14 दिसंबर से शुरू होगी। छात्र सुविधा अनुसार ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यमों से भाग ले सकते हैं। ऑनलाइन मोड वाले अभ्यर्थी सात दिसंबर से वेबसाइट पर कागजात अपलोड कर सकते हैं। विश्वविद्यालय में नए सत्र में यूजी, पीजी में काउंसिलिंग की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब विभागों, संकायों में तैयारी शुरू हो गई है।
विज्ञान संकाय प्रमुख प्रो. मधुलिका अग्रवाल ने बताया कि मैथ ग्रुप में होने वाली काउंसिलिंग के लिए कटऑफ अंक सामान्य श्रेणी में 228, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग 206, ओबीसी 207, अनुसूचित जाति 147, जनजाति वालों के लिए 80 अंक है। इसके अलावा महिला महाविद्यालय में प्रवेश के लिए छात्राओं के कटऑफ अंक सामान्य श्रेणी 193, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग 166, ओबीसी 169, अनुसूचित जाति 120, अनुसूचित जनजाति में 38 हैं। संकाय प्रमुख ने बताया कि बायो ग्रुप में काउंसिलिंग के लिए कटऑफ अंक सामान्य श्रेणी 265, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग 228, ओबीसी 213, अनुसूचित जाति 116 और जनजाति में 65 है। इसके अलावा महिला महाविद्यालय में छात्राओं के संवर्ग में सामान्य श्रेणी 231, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग 200, ओबीसी 185, अनुसूचित जाति 86 और जनजाति में कटऑफ अंक 29 है।
पेड सीट के लिए 15 को भेजा जाएगा कॉल लेटर
विज्ञान संस्थान में केवल पेड सीट पर प्रवेश के लिए संस्थान की ओर से अभ्यर्थियों को 15 दिसंबर को कॉल लेटर भेजा जाएगा। संकाय प्रमुख ने बताया कि प्रवेश संबंधी विस्तृत जानकारी प्रवेश पोर्टल पर प्राप्त की जा सकती है।