इसमें पहली ट्रेन लुधियाना से आई, जिसमें कुल 1305 प्रवासी श्रमिक आए। वहीं दूसरी ट्रेन जालंधर से आई जिसमें 1434 लोग जिले में पहुंचे। इन दोनों ही ट्रेनों में 70 प्रतिशत से अधिक लोग जहां आजमगढ़ जिले के रहने वाले थे तो वहीं शेष 30 प्रतिशत लोग जौनपुर, अंबेडकरनगर, गोरखपुर, मऊ, बलिया आदि जिलों के थे।
दो घंटे के अंदर पर दो ट्रेनों के स्टेशन पर पहुंचने के चलते काफी अफरा-तफरी की स्थिति थी। सुबह आई ट्रेन को जल्दी-जल्दी खाली कराने के बाद उसे वापस रवाना कर दिया गया। इसके बाद दूसरी ट्रेन स्टेशन पर पहुंची। सभी की स्टेशन पर जांच की गई और फिर उन्हें तहसील स्तर पर बनाए गए शेल्टर रूप में भेज दिया गया, जहां उन्हें दो दिन रोका जाएगा और फिर से जांच के बाद घर भेज कर होम क्वारंटीन कराया जाएगा।
लुधियाना से आई ट्रेन में मिले दो संदिग्ध
लुधियाना से जिले में पहुंची श्रमिक स्पेशल ट्रेन में सवार मजदूरों की रेलवे स्टेशन पर ही स्वास्थ्य विभाग की टीम थर्मल स्क्रीनिंग कर रही थी। इस दौरान दो यात्री संदिग्ध मिले हैं। संदिग्धों में एक रौनापार तो दूसरा कप्तानगंज थाना क्षेत्र का रहने वाला है। दोनों को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने एंबुलेंस के माध्यम से जिला अस्पताल भेज कर हॉस्पिटल क्वारंटीन किया है। दोनों का सैंपल जांच के लिए भेजा जाएगा। वहीं दूसरी ट्रेन जो जालंधर से आई है, उसमें कोई भी संदिग्ध नहीं मिला।