फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कोरोना वायरस अलर्टः काशी में चौदह देश के पर्यटकों को लेकर अलर्ट जारी

Thu, 05 Mar 2020 11:42 AM IST
गीतार्जुन गौतम अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी
विज्ञापन
कोरोना वायरस - फोटो : ANI
विज्ञापन

प्रदेश में कोरोना के संदिग्ध मरीजों के मिलने के बाद अब स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मचा है। काशी में भी स्वास्थ्य विभाग ने चौदह देशों से आने वाले पर्यटकों को लेकर विशेष सतर्कता बरतनी शुरू कर दी है। सीएमओ ने एडवाइजरी जारी कर होटल, लॉज संचालकों से पर्यटकों को सर्दी, खांसी, बुखार, सांस लेने में तकलीफ आने पर इसकी सूचना स्वास्थ्य विभाग को देने को कहा है। उधर जांच के लिए दीनदयाल अस्पताल के पैथालॉजी को नोडल सेंटर बनाया गया है जबकि गंभीर मरीजों के भर्ती करने की सुविधा आईएमएस बीएचयू में रहेगी। 

विज्ञापन


कोरोना वायरस को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट पर है। दीनदयाल अस्पताल में 24 घंटे चिकित्सकों, कर्मचारियों की तैनाती की गई है। दस बेड का आईसोलेशन वार्ड बनाया गया है। इस बीच ऐसे देश जो नोवल कोरोना वायरस से ग्रसित हैं, उनके पर्यटकों के काशी आने पर विशेष निगरानी का निर्णय लिया गया है।

सीएमओ डॉ. वीबी सिंह ने बताया कि चीन, कोरिया, जापान, ईरान, इटली, हांगकांग, मकाऊ, वियतनाम, मलेशिया, इंडोनेशिया, नेपाल, सिंगापुर, थाईलैंड और ताइवान से आने वाले पर्यटकों को लेकर होटल, लॉज, हॉस्टल संचालकों को सतर्कता बरतने को कहा गया है। यह भी कहा गया है कि अगर ऐसे लोगों में बुखार, सर्दी, खांसी, सांस लेने में तकलीफ हो तो इसकी सूचना तुरंत मोबाइल नंबर 9453171825 पर दी जा सकती है। 

आठ का सैंपल निगेटिव, 13229 की स्क्रीनिंग

स्वास्थ्य विभाग की ओर से आठ लोगों का सैंपल वीडीआरएल लैब केजीएमयू लखनऊ को भेजा गया था, जिसकी रिपोर्ट निगेटिव आई है। सीएमओ ने बताया कि इसके अलावा बाबतपुर एयरपोर्ट पर बने हेल्प डेस्क पर अब तक 13229 यात्रियों की स्क्रीनिंग और स्वास्थ्य परीक्षण किया जा चुका है। इनमें अब तक कोरोना वायरस से ग्रसित 12 देशों से 172 यात्री आए थे, जिसमें 128 यात्री एयरपोर्ट से ही अन्य जिलों में चले गए। 25 यात्री जिले में रहने के बाद दूसरे जिले में चले गए। इस समय 19 यात्री जिले में हैं, जिसकी नियमित सूचना लखनऊ को दी जा चुकी है।

निजी अस्पतालों को भी देनी होगी जानकारी

सीएमओ ने बताया कि आईएमए अध्यक्ष और सचिव के साथ ही नर्सिंग होम एसोसिएशन के अध्यक्ष, सचिव को पत्र लिखकर निजी अस्पतालों को भी सतर्क किया गया है। यह भी कहा गया है कि अगर कोई भी संभावित मरीज मिलता है तो उसकी सूचना आईडीएसपी सेल को तुरंत दिया जाए। साथ ही जरूरत पड़ने पर दीनदयाल अस्पताल में आईसोलेशन वार्ड में भर्ती कराने के साथ ही सैंपल जांच के लिए उपलब्ध कराया जाए। 

विज्ञापन
विज्ञापन

एनडीआरएफ ने दिया प्रशिक्षण

कोरोना वायरस से बचाव को लेकर बुधवार को बाबतपुर एयरपोर्ट पर अधिकारियों व कर्मचारियों सहित सीआईएसएफ जवानों को एनडीआरएफ की टीम ने प्रशिक्षण दिया। एयरपोर्ट के टर्मिनल भवन में कोरोना से बचाव के तरीकों के बारे में एनडीआरएफ के एएन त्रिपाठी ने प्रशिक्षित किया।

खास कर उन्होंने बताया कि संक्रमण से बचने के लिए 3 से 5 मीटर की दूरी एक दूसरे से रखनी चाहिए, अगर आप किसी से हाथ मिला रहे हैं तो दिन में कई बार हाथ धुलें, मास्क का प्रयोग करें और कोशिश रहे कि भीड़भाड़ वाले जगहों पर न जाएं। प्रशिक्षण में एयरपोर्ट अधिकारियों एवं कर्मचारियों, सीआईएसएफ, एयरलाइंस, ग्राउंड हैंडलिंग स्टाफ और अन्य प्राइवेट एजेंसियों के कर्मचारी उपस्थित रहे। 

एयरपोर्ट पर विदेशी यात्रियों पर विशेष नजर 

लाल बहादुर शास्त्री अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट पर भी कोरोना वायरस को लेकर अधिकारी कर्मचारी भी अलर्ट पर है। यहां अंतरराष्ट्रीय विमानों से आने वाले सभी यात्रियों पर विशेष नजर रखी जा रही है। बुधवार को एयर इंडिया एक्सप्रेस आईएक्स 184 से 171 यात्री और 6 क्रू मेम्बर वाराणसी एयरपोर्ट पहुचे सभी की स्क्रीनिंग की गई। एयर एशिया के विमान एफडी 109 से बैंकाक से वाराणसी एयरपोर्ट पर 79 यात्री पहुंचे। इनकी भी जांच की गई। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें