वाराणसी। कोरोना के बढ़ते खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन तैयारी में जुट गया है। डीएम कौशल राज शर्मा ने सीएमओ से स्वास्थ्य सुविधाओं का आकलन कर सूची मांगी है। बृहस्पतिवार को बीएचयू पहुंचे डीएम ने रेक्टर सहित डाक्टरों की टीम के साथ बैठक कर जांच और इलाज के साथ ही अन्य सुविधाओं की समीक्षा की।
डीएम ने कहा कि कोरोना से बचाव के लिए सतर्कता बहुत जरूरी है। इसके लिए आइसोलेशन और कोरेंटाइन वार्ड में सभी तैयारियां पूरी कर लें। इलाज और जांच के लिए डाक्टर, एंबुलेंस, पैरामेडिकल, नर्सिगिं स्टाफ की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए सूची तैयार कर ली जाए। बैठक में बीएचयू की ओर से मामले बढ़ने पर जांच के लिए मशीन सहित अन्य सुविधाएं बढ़ाने की बात कही। बताया कि बीएचयू के चार सौ बेड के सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक, नवनिर्मित नर्सेज, हॉस्टल, साइकियाट्रिक अस्पताल को कोरोना मरीजों के लिए तैयार किया जा रहा है। डीएम ने कहा कि बीएचयू पैरामेडिकल स्टाफ को ट्रेनिंग दिलाकर अभियान में भागीदारी के लिए तैयार करे। अपील की गई कि अस्पताल में मरीजों के साथ कम से कम लोग जाएं। ओपीडी में अधिक भीड़ न हो ताकि संक्रमण का खतरा कम हो। सीएमओ डॉ. वीबी सिंह ने बताया कि बीएचयू से मशीनों की सूची आ गई है। साथ ही अभी चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ सहित अन्य सुविधाओं की सूची जल्द ही मिल जाएगी। बैठक में प्रशासन, स्वास्थ्य और बीएचयू के सभी अधिकारी शामिल रहे।