कोरोना वायरस के संक्रमण को देखते हुए मॉस्क-सेनेटाइजर की मांग बढ़ने के साथ ही इसकी कालाबाजारी भी बढ़ गई है। बाजार में नकली मॉस्क-सेनेटाइजर महंगे दाम पर मिल रहे हैं। अब डीएम के निर्देश पर कालाबाजारी कि खिलाफ अभियान चलाकर ऐसे लोगों पर कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए ड्रग इंस्पेक्टर, मजिस्ट्रेटों को जिम्मेदारी दी गई है। कोरोना से बचाव के लिए चिकित्सक भी मॉस्क लगाने और सेनेटाइजर से हाथ की सफाई करने का सुझाव दे रहे हैं। यहीं वजह है कि बाजार में इन दोनों की मांग बढ़ गई है।
कोरोना से बचाव के लिए जिले में अलग-अलग जगहों पर कोरेंटाइन वार्ड बनाए जा रहे हैं। इसके तहत परमानंदपुर रैन बसेरा में कोरेंटाइन वार्ड बनाया जाएगा। सीएमओ डॉ. वीबी सिंह ने बताया कि डीएम के निर्देश पर डूडा के परियोजना अधिकारी के साथ इसका निरीक्षण कर लिया गया है।
वाराणसी। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में भी कोरोना वायरस के प्रकोप को देखते हुए सतर्क ता बरतने का निर्देश जारी किया गया है। काशी विश्वनाथ मंदिर के हेल्पडेस्क पर सैनिटाइजेशन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को सैनिटाइज करने के बाद ही मंदिर में प्रवेश कराया जा रहा है। वहीं मंदिर प्रशासन ने स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार सभी को साफ-सफाई रखने का आदेश भी जारी किया है। मंदिर के गर्भगृह के साथ विग्रहों पर तैनात अर्चक और सेवादार मास्क पहनकर काम कर रहे हैं।
बीएचयू संगीत एवं मंच कला संकाय में चल रही तबला कार्यशाला को लेकर एक छात्र ने टिवटर पर पीएमओ, सीएम और स्वास्थ्य मंत्रालय में शिकायत की है। छात्र ने अपने टवीट में कोरोना वायरस को लेकर 22 मार्च तक विश्वविद्यालय के बंद होने का हवाला देते हुए इस कार्यक्रम को नियमों की अवहेलना बताया है। उसने वीसी आफिस को टवीट कर इसे निरस्त कराने की मांग की है।
कोरोना से बचाव को लेकर रोडवेज बस स्टेशन पर विशेष सावधानियां बरतने का निर्देश दिया गया है। बसों के अंदर और यात्री हाल में दवा का छिड़काव सहित साफ-सफाई बेहतर बनाने का निर्देश वाराणसी परिक्षेत्र के समस्त डिपो का दिया गया है। आरएम एसके राय ने बताया कि भीड़ भाड़ वाले स्थानों पर एनाउसमेंट से बचाव की जानकारी और शौचालय सहित फूड प्लाजा पर सफाई का मुकम्मल इंतजाम किया जा रहा है।