वाराणसी में निजी अस्पतालों और निजी लैब द्वारा कोरोना आरटीपीसीआर जांच के लिए अधिक फीस लिए जाने का मामला अब मुख्यमंत्री कार्यालय तक पहुंच गया है। शनिवार को अमर उजाला में छपी खबर का संज्ञान लेते हुए सपा एमएलसी शतरुद्र प्रकाश ने इसकी शिकायत मुख्यमंत्री से की है। निजी अस्पतालों में चल रही इस मनमानी की जांच कराकर इस पर रोक लगाने की भी मांग की है।
विज्ञापन
कोरोना बढ़ते संक्रमण को देखते हुए बहुत से लोग खुद भी कोरोना जांच कराने पहुंच रहे हैं। सरकारी अस्पताल में तो नि:शुल्क, लेकिन निजी अस्पतालों में इसकी फीस शासन ने तय कर दी है। इसमें निजी अस्पताल द्वारा निजी लैब में आरटीपीसीआर जांच के लिए 700 से 900 रेट निर्धारित है, लेकिन बहुत से निजी अस्पतालों में इससे ज्यादा फीस ली जा रही है।
एपेक्स हॉस्पिटल में आरटीपीसीआर जांच के लिए 1800 लिए जाने की का मामला सामने आने के बाद अब स्वास्थ्य महकमे में भी हड़कंप मचा हुआ है। काशी कोविड रिस्पॉन्स सेंटर प्रभारी एमएलसी एके शर्मा के माध्यम से मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में सपा एमएलसी शतरुद्र प्रकाश ने बताया है कि जब शासन द्वारा इसका रेट तय कर दिया गया है तो ऐसे में आपदा के दौर में जांच के नाम पर मनमानी कर मरीजों की मजबूरी का फायदा उठाया जा रहा है। जहां तक एंटीजन टेस्ट की बात है तो यह टेस्ट अनावश्यक है और अनुमान पर आधारित प्रोटीन लेवल नापने की केवल जांच है, जो प्रमाणित नहीं है। बताया कि कई वैज्ञानिकों ने भी इस टेस्ट की विश्वसनीयता पर सवाल खड़ा किया है। उन्होंने बताया कि एपेक्स हॉस्पिटल सहित अन्य अस्पताल प्रबंधकों द्वारा आरटीपीसीआर जांच के लिए 1600 से 1800 रुपए लेने कि मामले की जांच करा कर यहां शासन के द्वारा निर्धारित रेट ही लागू किया जाए साथी एंटीजन टेस्ट को रोका जाए।
कुल्लू में कोरोना टेस्ट के लिए सैंपल लेते डॉक्टर।
- फोटो : अमर उजाला
डीएम ने जारी की जांच करने वाले निजी अस्पतालों, लैब की सूची
कोरोना जांच फीस के नाम पर मनमानी की खबर सामने आने के बाद जिलाधिकारी कौशलराज शर्मा ने भी कड़ा फैसला लिया है। उन्होंने बताया कि शासन के निर्देशानुसार कोई भी निजी पैथालाजी पर खुद जाकर 700 रुपये भुगतान कर जांच करा सकता है। निजी पैथालाजी से सैंपल कलेक्शन के लिए बुलाने पर 900 रुपये शुल्क लिया जाएगा। जिलाधिकारी ने इसके लिए 21 निजी अस्पताल और निजी लैब की सूची भी जारी की है जहां लोग कोरोना आरटीपीसीआर जांच करा सकते हैं।
यहां कर सकते हैं शिकायत
अगर कोई निर्धारित जांच फीस से अधिक लेता है तो इन नंबरों पर आप शिकायत भी कर सकते हैं।
कोविड कंट्रोल रूम-1077
0542-2720005-2221937
अमर उजाला-7617566161
सीएमओ-9415301513