वाराणसी। कोरोना मरीजों की संख्या कम होने का नाम नहीं ले रही है। शनिवार को 2272 मरीज मिले हैं। 5 लोगों की मौत भी हुई है। अप्रैल की बात करें तो 17 दिनों में 18,030 मरीज मिल चुके हैं। शनिवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी मेडिकल बुलेटिन के अनुसार सबसे ज्यादा कैलाश मठ में 23, शिवपुर सेंट्रल जेल में 22 और धीरेंद्र महिला पीजी कॉलेज में 15 लोग संक्रमित मिले।
ईएसआईसी, मंडलीय अस्पताल, स्वामी विवेकानंद अस्पताल भेलूपुर समेत अन्य जगहों पर 6159 की जांच हुई। 842 लोगों को होम आइसोलेशन में स्वस्थ घोषित किया गया और एक मरीज को डिस्चार्ज किया गया। अब कोरोना संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 40,706 पहुंच गया है। 25,741 लोग डिस्चार्ज हो चुके हैं। 427 मरीजों की मौत भी हो चुकी है। फिलहाल, 14,538 मरीज एक्टिव है।
तेजी से मौत का बढ़ रहा ग्राफ
पिछले 6 दिन में 27 मरीजों की मौत हो हुई है। शनिवार को दीनदयाल अस्पताल में भर्ती जगदीशपुर निवासी 50 वर्षीय पुरुष, बीएचयू में मंडुवाडीह निवासी 65 वर्षीय महिला और गंगापुर राजा सलाम निवासी 61 साल के पुरुष, पांडेयपुर निवासी 50 वर्षीय महिला, घमहापुर की 26 वर्षीय महिला की मौत हुई है।
यहां मिले संक्रमित
शहर की लगभग सभी कालोनियों में नए मरीज मिल रहे हैं। शनिवार को आशापुर, बिर्दोपुर, चोलापुर, सिगरा, मंडुवाडीह, सारनाथ, पुलिस लाइन, यूपी कॉलेज, बीएचयू कैंपस में 20 लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई है। इसके अलावा कमच्छा, मिर्जामुराद, रेलवे अस्पताल, चितूपुर चौका घाट समेत अलग-अलग जगह पर मरीज मिले हैं
रामकृष्ण मिशन में भर्ती शुरू
प्रभारी सीएमओ डॉक्टर एनपी सिंह ने बताया रामकृष्ण मिशन में शनिवार दोपहर से ही मरीजों की भर्ती शुरू हो गई है। इसके अलावा रेलवे अस्पताल लहरतारा को भी कोविड हास्पिटल बनाया गया है। कुछ और निजी अस्पतालों व टीएफसी बड़ा लालपुर के बगल में एक बैंक्वेट हाल को अस्थायी हॉस्पिटल बनाए जाने की दिशा में प्रयास चल रहा है।
4584 लोगों को लगा टीका
अभियान के तहत शनिवार को 4584 लोगों को टीका लगाया गया। 3571 लोगों ने पहली डोज लगवाई जबकि 1013 को दूसरी डोज लगी। प्रभारी सीएमओ डॉक्टर एनपी सिंह ने बताया कि 45 साल से अधिक उम्र के सभी लोगों को टीकाकरण केंद्रों पर पहुंचकर टीका लगवाना चाहिए।