कोरोना वायरस (प्रतीकात्मक तस्वीर)
- फोटो : अमर उजाला
आजमगढ़, वाराणसी और विंध्य मंडल में बुधवार को कोरोना के 454 मरीज सामने आए, जबकि वाराणसी, गाजीपुर, बलिया में चार-चार और आजमगढ़ में तीन को मिलाकर कुल 15 संक्रमितों की जान चली गई। वाराणसी में 129, आजमगढ़ में 91, गाजीपुर में 68, जौनपुर में 62, बलिया में 35, मिर्जापुर में 27, मऊ में 21, भदोही में 18, सोनभद्र में 3 मरीज मिले। पीड़ितों में जन प्रतिनिधि, चिकित्सक, बैंक मैनेजर, पुलिसकर्मी, पीएसी जवान, स्वास्थ्यकर्मी शामिल हैं। बलिया के बेल्थरारोड से भाजपा विधायक धनंजय कन्नौजिया भी संक्रमित मिले हैं।
वाराणसी में कोरोना पीड़ित चार लोगों ने दम तोड़ दिया, जबकि 129 और लोग संक्रमित मिले। गाजीपुर में कोरोना से महिला समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि सुहवल थानाध्यक्ष समेत 68 नये मरीज सामने आए। बलिया में दो माह के बालक समेत चार लोगों की कोरोना से मौत हो गई, जबकि 35 संक्रमित मिले। आजमगढ़ में कोरोना के तीन मरीजों की मौत हुई।
इसमें शहर के कुंदीगढ़ और रानी की सराय के दो पुरुष और एक सरायमीर के पुरंदरपुर की रहने वाली महिला शामिल है। इसके अलावा 91 मरीज भी मिले। जौनपुर में 62 नए पॉजिटिव केस मिले। इनमें शाहगंज के चेयरमैन, उनकी बेटी समेत परिवार के तीन लोग संक्रमित हुए हैं।
शाहगंज के सेंट थामस स्कूल में कैंप कर रहे पीएसी के 13 जवानों की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। इसके अलावा केराकत सीएचसी के नेत्र रोग विशेषज्ञ व एंबुलेंस चालक में भी संक्रमण की पुष्टि हुई है। मिर्जापुर में दो महिलाओं समेत 27 लोग कोरोना पाजिटिव मिले। मऊ में फिजिशियन और फार्मासिस्ट सहित 21 संक्रमित मिले। भदोही में एसबीआई शाखा प्रबंधक समेत 18 लोगों की जांच रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव मिली। सोनभद्र में तीन मरीज मिले।