डिजि यात्रा सेवा के यात्रियों की संख्या बढ़ रही है। दिसंबर में देश के तीन एयरपोर्ट पर डिजि यात्रा की शुरुआत की गई है। इसमें लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर यात्रियों की प्रतिक्रिया काफी अच्छी है।
उद्घाटन के बाद चार हजार यात्रियों ने इस सेवा का लाभ लिया था। जनवरी में यह आंकड़ा बढ़कर 18 हजार के करीब पहुंच गया है। एयरपोर्ट निदेशक अर्यमा सान्याल ने बताया कि डिजि यात्रा के प्रति यात्रियों को जागरूक किया जा रहा है। आने वाले दिनों में और ज्यादा यात्री डिजि यात्रा सेवा का लाभ उठाएंगे। अभी तक इंडिगो, स्पाइजेट, विस्तारा, एयर इंडिया, गो फर्स्ट की उड़ान सेवाएं हैं। इसमें स्पाइसजेट और गो फर्स्ट के अलावा सभी एयरलाइंस की ओर से डिजि यात्रा की सेवा दी जा रही है। विदेशी उड़ानों के लिए अभी डिजि यात्रा सेवा की शुरुआत नहीं की गई है।