पानी के स्तर को देखते हुए 22 फिट तक गहराई के लिए दो एचपी सरफेस सोलर पंप, 50 फिट के लिए दो एचपी सबमर्सिबल उपयुक्त होगा। इसके अलावा 150 फिट के लिए तीन एचपी, 200 फिट गहराई के लिए पांच एचपी और 300 फिट के लिए 7.5 और 10 एचपी का सोलर पंप उपयुक्त होगा। बीते पांच साल में 500 से अधिक किसानों ने सोलर पंप लगवाया है।
पिंडरा निवासी किसान बृजेश पटेल ने कहा कि डीजल और बिजली से चलने वाले पंप से सिंचाई करने में खर्च ज्यादा आता है। सोलर पंप से सिंचाई करने पर लागत आधी से भी कम हो जाएगी। बड़ागांव निवासी किसान दुर्गानरायण ने कहा कि नलकूप और नहर सिंचाई के आसरे अक्सर फसल सूख जाती है। खुद का पंप होगा तो समय पर फसलों को पानी मिलेगा।
दो एचपी के पंप की कीमत एसी, डीसी सरफेस पंप की कीमत एक लाख 44 हजार 526 रुपये हो सकती है। जबकि दो एचपी सबमर्सिबल की कीमत एक लाख 47 हजार 927 रुपये तक हो सकती है। इसी तरह तीन एचपी एसी और डीसी पंप कीमत एक लाख 94 हजार 516 रुपये, पांच से 7.5 एचपी एसी सबमर्सिबल पंप की कीमत दो लाख 73 हजार 137 से तीन लाख 72 हजार 126 रुपये हो सकती है। 10 एचपी एसी सबमर्सिबल की कीमत चार लाख 64 हजार 304 रुपये निर्धारित की गई है। इसमें 60 प्रतिशत का अनुदान होगा जबकि 40 प्रतिशत का भुगतान किसान को करना होगा।