उत्तर प्रदेश के जौनपुर में बदमाशों ने बाइक सवार मंगलवार की रात को ठेकेदार का अपहरण कर लिया। ठेकेदार ने अपहरण से पहले अपने एक दोस्त को फोन कर कहा कि कुछ लोग मेरे पीछे पड़े है, मुझे बचा लो।
घटना की सूचना पर एसपी दिनेश पाल सिंह भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिवार वालों से पूछताछ की। ठेकेदार की तलाश में पुलिस की टीम एवं क्राइम ब्रांच को लगाया गया है। उसकी बाइक लावारिस हालत में पाई गई है।
जिले के सराय ख्वाजा थाना क्षेत्र के कोटवार करंजाकला निवासी ठेकेदार नन्हकू यादव के भाई राजेश यादव ने बताया कि तकरीबन रात आठ बजे नन्हकू ने गांव के ही अपने मित्र आजाद यादव को फोन कर कहा कि उसके पास कुछ पैसे हैं और लेकर घर आ रहा है। उसके पीछे कुछ लोग पड़े हैं।
अभी मैं लाइन बाजार थाना क्षेत्र के चौकिया धाम रोड पर फायर ब्रिगेड के पास हूं। मुझे बचा लो। आजाद ने इसकी सूचना परिवार वालों को और पुलिस को दी। खोजबीन के बाद फायर ब्रिगेड के निकट झाड़ी में तकरीबन नौ बजे ठेकेदार की चाबी लगी बाइक लावारिस हालत में मिली।
राजेश ने बताया कि उसके भाई का मोबाइल मिलाया तो स्विच ऑफ मिला तो चिंता हुई। परिजनों को आशंका है कि बदमाशों ने पैसे के लिए उसका अपहरण कर लिया है। मामले में सीओ सिटी नृपेंद्र का कहना है जांच की जा रही है।