सिपाही अमित शुक्ला आरोपी को पकड़ने के लिए आगे बढ़े तो आरोपी ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इसमें तीन गोली अमित शुक्ला के पेट, पीठ और बाएं हाथ में लगी। गोलियों की तड़तड़ाहट के बीच दोनों आरोपी पुलिस कर्मियों से हाथ छुड़ाकर भाग निकले।
घायल पुलिस कर्मी अमित को साथियों ने बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया। उच्चाधिकारियों को घटना की सूचना देने के साथ ही भागे बदमाशों की तलाश में तीन टीमें जुट गईं। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगालने के दौरान बदमाशों की लोकेशन लंका थाना क्षेत्र के हाइवे की ओर मिली।
लंका पुलिस और क्राइम टीम ने हाइवे स्थित लौटूबीर पुलिया के पास घेराबंदी की। पुलिस कर्मियों से घिरता देख एक आरोपी ने पुलिस टीम फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस टीम की जवाबी फायरिंग में एक आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार किया गया। इस दौरान उसका एक साथी भाग निकला। उसके पीछे पुलिस टीमें लगी हैं। मुठभेड़ में गिरफ्तार आरोपी राज विश्वकर्मा है। उसके पास से अवैध पिस्टल और दो कारतूस बरामद हुआ। आरोपी लंका थाना क्षेत्र के रमना गढ़वा घाट का निवासी है। भागे आरोपी का नाम अंजनी है।
आरोपी दशाश्वमेध में एक होटल में है कर्मचारी
मुठभेड़ में गिरफ्तार राज विश्वकर्मा ने पुलिस को बताया कि वह दशाश्वमेध स्थित एक होटल में पांच दिन से हाउस कीपिंग का काम कर रहा है। पुलिस कर्मी पर फायरिंग में उसके साथ अंजनी नाम का युवक था। अंजनी के साथ भी एक युवक था, जिसे वह नहीं जानता है। अंजनी और उसके साथ रहने वाला एक युवक असलहा तस्करी में संलिप्त है।
एटीएस एनएसजी की ट्रेनिंग कर चुके हैं अमित शुक्ला, एसओजी में भी रह चुके हैं
बदमाशों की गोली से घायल प्रयागराज के थरवई थाना क्षेत्र के वकारगाज निवासी अमित शुक्ला पिछले तीन साल से कमिश्नरेट में है। वह एसओजी में भी रह चुके हैं। पिछले एक साल से लंका थाना के क्राइम टीम में है। एटीएस एनएसजी कमांडो की ट्रेनिंग कर चुके अमित शुक्ला के परिजन भी प्रयागराज से बीएचयू ट्रॉमा सेंटर पहुंच गए। पत्नी और तीन साल की एक बेटी है।
अधिकारी बोले
असलहा तस्करी की सूचना पर लंका क्राइम टीम के पुलिस कर्मी दबिश पर गए थे। इस दौरान हमलावरों ने फायरिंग की, जिसमें दो गोली कांस्टेबल अमित शुक्ला को लगी है। कांस्टेबल की हालत सामान्य है। इसबीच एक आरोपी को लंका पुलिस टीम ने मुठभेड़ में गिरफ्तार किया। उसका सहयोगी भाग निकला है। उसकी गिरफ्तारी को पुलिस की तीन टीमें दबिश दे रही हैं। -गौरव बंशवाल, डीसीपी काशी जोन