राज्यसभा सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला के मामले में सुनवाई टल गई है। वाराणसी के विशेष न्यायाधीश (एमपी-एमएलए) अवनीश गौतम की अदालत ने पांच अप्रैल को अगली सुनवाई की तारीख तय की है।
24 वर्ष पुराने संवासिनी प्रकरण में कांग्रेस नेताओं की गिरफ्तारी के विरोध में धरना-प्रदर्शन व सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने के आरोपी कांग्रेस के राज्यसभा सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला के मामले में विशेष न्यायाधीश (एमपी-एमएलए) अवनीश गौतम की अदालत में शुक्रवार को सुनवाई टल गई।
विज्ञापन
सुप्रीम कोर्ट में दाखिल याचिका सूचीबद्ध न होने से अब पांच अप्रैल को अगली सुनवाई होगी। सुरजेवाला के अधिवक्ता ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश का हवाला देकर बताया कि उनके मुवक्किल की गिरफ्तारी पर स्थगन आदेश प्रभावी है। इस मामले में सुरजेवाला के खिलाफ स्थानीय अदालत ने गिरफ्तारी वारंट जारी किया था, जिसके खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में याचिका लंबित है।
सुरजेवाला की तरफ से आरोप से डिस्चार्ज किए जाने का अनुरोध स्थानीय अदालत से किया गया है। इसके लिए केस डायरी और अन्य अभियोजन प्रपत्र की मांग की गई है। अदालत में सुरजेवाला के हाजिर नहीं होने पर अन्य आरोपियों के खिलाफ आरोप नहीं बन पा रहा है। ऐसे में अदालत ने सुरजेवाला के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया है। जिसके खिलाफ सुरजेवाला की तरफ से सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल की गई है।