वाराणसी में जिला कांग्रेस सेवा दल के कार्यकर्ता दिल्ली में आंदोलित किसानों के समर्थन में उतर आए हैं। रविवार को उन्होंने मलदहिया चौहारे पर सरदार बल्लभ भाई पटेल की प्रतिमा के पास प्रतीकात्मक फांसी के फंदे पर लटककर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर विरोध-प्रदर्शन किया।
विज्ञापन
कांग्रेस सेवा दल के पूर्व जिला अध्यक्ष हरीश मिश्रा ने कहा कि जिस तरह से मोदी सरकार ने किसानों की दोगनी आय का वादा करके पूरे देश के किसानों से वोट लिया, उसी तरह से केंद्र सरकार ने किसानों के साथ छलावा किया है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने किसानों की पीठ में खंजर घोंपते हुए अध्यादेश के रूप में तीन नए काले कानून कृषि क्षेत्र में लागू करके किसानों के साथ विश्वासघात किया है। आज देश का अन्नदाता अपनी खेती और अधिकारों को बचाने के लिए दिल्ली की सड़कों पर सरकार के खिलाफ आंदोलन कर रहा है।
केंद्र सरकार की नीयत ने यह साबित कर दिया कि देश में जो सरकार है वह किसानों के पक्ष में न होकर बड़े कारपोरेट घराने यानी उद्योगपतियों के पक्ष में खड़ी है। इस देश में जब से भाजपा की सरकार बनी है, तब से किसानों के साथ लगातार धोखेबाजी की जा रही है।