युवक कांग्रेस के गाजीपुर के जिलाध्यक्ष माधव कृष्ण के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा के खिलाफ कोतवाली गाजीपुर में तहरीर दी है। जिलाध्यक्ष माधव कृष्ण ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के ऊर्जावान प्रवक्ता राजीव त्यागी का आकस्मिक निधन पार्टी की अपूरणीय क्षति है।
एक चैनल के कार्यक्रम में भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने जो वक्तव्य जारी किया वह राजनैतिक शुचिता एवं मर्यादाओं को लांघने वाला था। भाजपा प्रवक्ता ने राजीव त्यागी को इंगित करते हुए उन पर अमर्यादित, जातिगत एवं धार्मिक टिप्पणी की। संबित के बयान टीका लगाने से कोई असली हिंदू नहीं हो जाता। इससे समूचे ब्राह्मण समाज में रोष है। युवा कांग्रेस संबित की गिरफ्तारी की मांग करती है।