तहसील में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में कई फरियादियों ने कहा कि वे बार-बार सक्षम अधिकारी को प्रार्थना पत्र दे रहे हैं किंतु समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। भीमचंडी गांव के रामकिशुन पटेल ने आरोप लगाया कि उनकी जमीन पर कुछ लोग नर्माण कर रहे हैं। उन्होंने तीन बार शिकायत की लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
इसी तरह पूरे नंदा गांव के हरिनाथ ने शिकायती पत्र देकर कहा कि उसे सरकारी भूमि आवंटित हुई है जिस पर कुछ लोग कब्जा कर रहे हैं। अवैध कब्जा मुक्ति के लिए उसने पांच बार तहसील में प्रार्थना पत्र दिया लेकिन समस्या से मुक्ति नहीं मिल पाई। पंडितपुर के सुशीला ने आरोप लगाया कि गांव के कुछ लोग चकमार्ग पर कब्जा कर रहे हैं। बीरबलपुर के शिवम सिंह ने तालाब पर अतिक्रमण की शिकायत की। पूरे नंदा गांव के ओमप्रकाश ने लेखपाल द्वारा वरासत में हीलाहवाली की शिकायत की। दी तहसील बार राजातालाब के पूर्व अध्यक्ष सर्वजीत भारद्वाज का कहना है कि लोगों की समस्याओं का त्वरित और समुचित समाधान नहीं हो पा रहा है जिस पर अधिकारियों को ध्यान देना चाहिए।
-------------
पिंडरा में 101 में केवल 4 मामले हुए निस्तारित
पिंडरा। तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस पर कुल 101 में 4 मामलों का ही निस्तारण हो पाया। एसडीएम राजीव कुमार राय की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस पर राजपुर निवासी ऊदल पटेल ने 20 वीं बार प्रार्थना पत्र देते हुए गुहार लगाई कि उसके जमीन में विपक्षी हैंडपंप नहीं लगवाने दे रहे हैं, जबकि पैमाइश भी कर दी गई है। देवराई के शिवपूजन ने शिकायत की कि उसे दो वर्ष पूर्व तालाब नीलामी के तहत आवंटन हुआ था लेकिन ग्राम प्रधान द्वारा आपत्ति कर दिए जाने से उसे रोक दिया गया। जिसपर एसडीएम ने राजस्व निरीक्षक को तत्काल निस्तारण करने का निर्देश दिया। वहीं भटौली की ज्योति,मुन्नी व सीमा देवी ने आवासीय पट्टा आवंटन के 4 वर्ष बाद भी कब्जा न मिलने की शिकायत की।