सुपर स्टार शाहरुख खान की आने वाली फिल्म रईस का ट्रेलर रिलीज हो चुका है। फिल्म का ट्रेलर सोशल मीडिया पर काफी देखा जा रहा है। ट्रेलर में दिखाए जा रहे एक दृश्य को लेकर जौनपुर जनपद के दीवानी न्यायालय में शुक्रवार को परिवाद दर्ज कराया गया है। आरोप है कि इसमें धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाया गया है।
जौनपुर के पुरानी बाजार निवासी सिविल कोर्ट के अधिवक्ता सैय्यद शहंशाह हुसैन ने रईस फिल्म के निर्देशक राहुल ढोलकिया, अभिनेता शाहरुख खान, निर्माता गौरी खान, फरहान अख्तर, रितेश सिंह वानी व केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड अध्यक्ष पहलाज निहलानी के खिलाफ परिवाद दायर किया है।
सैय्यद शहंशाह हुसैन का कहना है कि रईस के ट्रेलर में शाहरुख खान को अलम के जुलूस के ऊपर से हवा में कूदते दिखाया गया है। यह दृश्य शिया समुदाय के पवित्र अलम-ए-मुबारक की तौहीन की श्रेणी में आता है। इससे शिया समुदाय के लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हुईं है। बता दें कि ‘रईस’ 1980 के दशक के गुजरात पर आधारित है।
इसमें मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले शख्स की कहानी को दर्शाया गया है जिसे एक कड़क पुलिस अफसर तबाह कर देता है। पाकिस्तानी एक्ट्रेस माहिरा खान ने भी इस फिल्म के ज़रिये बॉलीवुड में कदम रखा है।
शाहरुख के अलावा फिल्म में नवाजुद्दीन सिद्दीकी भी हैं। ट्रेलर देखकर फिल्म से उम्मीदें काफी बढ़ गई हैं। 25 जनवरी 2017 को फिल्म रिलीज हो रही है।