सामने घाट पुल बना रही जेसीएल कंपनी
- फोटो : अमर उजाला
गंगा नदी पर सामने घाट पुल 27 जून तक तैयार नहीं हुआ तो जेसीएल कंपनी के जिम्मेदार जेल भेजे जाएंगे। मंडलायुक्त नितिन रमेश गोकर्ण ने सोमवार को यह चेतावनी अपने अनुश्रवण कक्ष में बैठक के दौरान पुल का निर्माण कार्य करा रही जेसीएल कंपनी के प्रतिनिधि को दी।
मंडलायुक्त ने दो टूक कहा कि कंपनी द्वारा धनराशि की कमी का जो बहाना बताया जा रहा है वह कतई सुना नहीं जाएगा। इसके साथ ही मंगलवार को कंपनी के इंजीनियर को मंडलायुक्त ने तलब किया है।
मंडलायुक्त ने मंडुवाडीह फ्लाईओवर कार्य की धीमी प्रगति पर भी खासी नाराजगी जतायी और रेलवे के अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर काम को जल्दी पूरा कराने का निर्देश सेतु निगम के अभियंता को दिया। चौकाघाट-लहरतारा फ्लाईओवर की सर्विस रोड की मरम्मत का काम 15 जून तक पूरा कराने का निर्देश दिया।
पंचक्रोशी मार्ग के सुदृढ़ीकरण और 59 किमी फुटपाथ निर्माण कार्य की डीपीआर 15 जून तक तैयार करने को कहा। सुल्तानपुर, वाराणसी, आजमगढ़, गोरखपुर, औरंगाबाद सड़क निर्माण कार्य से जुड़ा मुआवजा जल्द वितरित कराने को कहा।
गोइठहां में बन रहे सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का काम चौबीसों घंटे जारी रखने का निर्देश जल निगम के अभियंता को दिया। ऊर्जा गंगा के तहत गैस पाइप लाइन बिछाने के दौरान आ रही परेशानियों की जानकारी मांगी।
सड़कों को 15 जून तक गड्ढामुक्त करने का निर्देश दिया। कूड़ा उठान का काम सही तरीके से कराने का निर्देश मंडलायुक्त ने नगर आयुक्त को दिया। कहा कि आगामी दो अक्तूबर शहर के सभी 90 वार्ड खुले में शौच से मुक्त हों।