महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में स्नातक, स्नातकोत्तर में दाखिले के लिए दो से सात जून तक होने वाली प्रवेश परीक्षा के लिए शहर में दस केंद्र बनाए गए हैं। इस बीच 27 मई से सात जून तक विश्वविद्यालय और संबद्ध कॉलेजों में सेमेस्टर परीक्षाएं भी कराई जाएंगी। वार्षिक परीक्षा और प्रवेश परीक्षा साथ-साथ होने की वजह से इस बार इंटर कॉलेजों को केंद्र बनाया गया हैं।
विश्वविद्यालय में इस बार बीए, बीएससी, बीकॉम, एमए, एमकॉम समेत 58 पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए 31 हजार से अधिक आवेदन आए हैं। इनमें से महज 31 पाठ्यक्रमों में ही प्रवेश परीक्षा कराई जानी है, जबकि 27 में मेरिट से दाखिला कराया जाएगा ।
इन 27 में से नौ पाठ्यक्रम तो ऐसे हैं जिनमें सीट से कम आवेदन आए हैं और बाकी 18 में निर्धारित सीट संख्या के दोगुने से कम आवेदन आने की वजह से मेरिट से दाखिला कराने का फैसला लिया गया है। कई महाविद्यालयों में सेमेस्टर परीक्षाएं होनी हैं, इसलिए उसे केंद्र नहीं बनाया जा सका है।
ऐसे में विश्वविद्यालय प्रशासन ने शहर के इंटर कॉलेजों में परीक्षा कराने का फैसला लेते हुए तैयारियां तेज कर दी हैं, जिससे कि समय से दोनों परीक्षाएं करायी जा सकें। इस बीच पांच जून को ही लोक सेवा आयोग की परीक्षा होने की वजह से पहली पाली की परीक्षा टालकर आठ जून को कराने की तैयारी चल रही है, जिस बारे में आधिकारिक घोषणा कर दी जाएगी।