डॉक्टरों ने सीएमएस से मिलकर जताई आपत्ति
अस्पताल की ओपीडी में औचक निरीक्षण करने और उपस्थिति पंजिका पर अनुपस्थित करने की सीएमओ की कार्रवाई के विरोध में दीनदयाल अस्पताल के चिकित्सक सीएमएस डॉ. आरके सिंह के पास पहुंचे और इस पर आपत्ति जताई। उनका कहना था कि अस्पताल आने के बाद पहले वार्ड में भर्ती मरीजों को देखना भी जिम्मेदारी है। इसके बाद ओपीडी में मरीज देखते हैं। इसको लेकर उनकी सीएमएस से हल्की नोकझोंक भी हुई।
अस्पताल की ओपीडी में सीएमओ द्वारा निरीक्षण और उपस्थिति पंजिका पर अनुपस्थित करना पद के अधिकारों का दुरुपयोग करना है। चिकित्सक वार्ड में भर्ती मरीजों को देखने के तुरंत बाद ओपीडी में जाते हैं। अगर कोई बात है तो सीएमओ को पहले इसकी जानकारी मुझे देनी चाहिए थी। -डॉ. आरके सिंह, सीएमएस दीनदयाल अस्पताल
शासन, प्रशासन के निर्देशों के अनुपालन में ही ओपीडी का दौरा चल रहा है। चिकित्सक अगर समय से आते तो अनुपस्थित करने का कोई औचित्य नहीं बनता है। मंगलवार 8.45 बजे तक न तो कोई चिकित्सक वार्ड में था, न ही ओपीडी में। यहां तक कि सीएमएस भी मौजूद नहीं थे। मैने सीसीटीवी फुटेज भी देखा। स्थानीय अधिकारियों के साथ ही शासन को भी रिपोर्ट देंगे। - डॉ. संदीप चौधरी, सीएमओ