मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 22 नवंबर को प्रस्तावित काशी दौरे को लेकर भाजपा ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। चुनाव संचालन समिति के अलावा पार्टी के पदाधिकारियों की बैठक में सीएम के दौरे को लेकर विचार मंथन किया गया।
सीएम उस दिन महापौर और पालिका परिषद के चेयरमैन प्रत्याशी के समर्थन में तीन जन सभाएं करेंगे। सीएम के दौरे को लेकर प्रशासनिक हलचलें भी तेज हो गई हैं। भाजपा के केंद्रीय चुनाव कार्यालय में सीएम के आगमन को लेकर तैयारी बैठक हुई।
इसमें मंत्री के अलावा विधायकों ने भी हिस्सा लिया। प्रस्तावित दौरे के तहत सीएम टाउनहॉल और वरुणापार इलाके के अलावा रामनगर को लेकर तीन सभाएं कर सकते हैं। मुख्यमंत्री के आगमन की सूचना के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ गया है।
भाजपा की मेयर प्रत्याशी मृदुला जायसवाल के समर्थन में प्रचार के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ काशी आ रहे हैं। वरुणापार में किस स्थान पर सभा होगी यह अभी तय नहीं हो पाया है।
सीएम की सभा के लिए स्थल चयन को लेकर देर रात तक पार्टी नेताओं ने मंथन किया। सूत्रों की मानें तो सीएम 22 नवंबर की रात शहर में ही रुक सकते हैं। वह रात में भी पार्टी के पदाधिकारियों और प्रत्याशियों के साथ मीटिंग करेंगे।