मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बृहस्पतिवार को दो दिवसीय यात्रा पर वाराणसी आएंगे। वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दो दिवसीय ( 17-18 दिसंबर) दौरे की तैयारियों की जानकारी लेंगे। साथ ही जनसभा व कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण करेंगे। मुख्यमंत्री लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से सीधे बरकी स्थित पीएम मोदी के जनसभा स्थल जाएंगे।
यहां निरीक्षण के बाद मिर्जामुराद स्थित किसान इंटर कॉलेज पहुंचेंगे। वहां विकसित भारत संकल्प यात्रा के लाभार्थियों और भाजपा कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे। इंटर कॉलेज के प्रबंधक रहे स्वर्गीय यशपाल सिंह की प्रतिमा का अनावरण भी करेंगे। इसके बाद वे सर्किट हाउस में पीएम आगमन की तैयारियों की समीक्षा करेंगे। शाम को सीएम नदेसर स्थित छोटी कटिंग मेमोरियल में विकसित भारत संकल्प यात्रा शहरी की तैयारियों को देखेंगे। साथ ही नमो घाट पर प्रस्तावित काशी तमिल संगमम की तैयारियों का भी जायजा लेंगे। इसके बाद काशी विश्वनाथ और काल भैरव का दर्शन पूजन कर सर्किट हाउस में ही रात्रि विश्राम करेंगे। अगले दिन शुक्रवार को मलदहिया स्थित सरदार पटेल की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करके उमरहां स्थित स्वर्वेद मंदिर जाएंगे और संतों से मुलाकात करेंगे। यहां से सीएम योगी लखनऊ रवाना हो जाएंगे।