प्रयागराज से मेट्रो और घाटों से कनेक्टविटी पर करें काम
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों से कहा कि बाबतपुर-काशी की कनेक्टिविटी अच्छी हो गई है। ऐसे ही अन्य विकल्प जैसे प्रयागराज से काशी आने का मेट्रो का विकल्प तलाशें। रामनगर में गंगा किनारे समानांतर मार्ग और उससे घाटों पर कनेक्टिविटी के विकल्प देखें। एनएच व रिंग रोड के काम की गुणवत्ता अच्छी और समय से पूर्ण हो। शहर की आंतरिक सड़कें तत्काल ठीक हों।
फरवरी तक पूरी होंगी दो दर्जन परियोजनाएं
बैठक में बताया गया कि वाराणसी में 9175.77 करोड़ रुपये की 123 प्रमुख बड़ी परियोजनाएं निर्माणाधीन हैं। इसमें 137.87 करोड़ की 10 परियोजनाएं गत माह जनवरी में पूर्ण हो चुकी हैं। फरवरी महीने में 201.69 करोड़ रुपये की 14 परियोजनाएं पूरी हो जाएंगी। अगले महीने मार्च में 1166.65 करोड़ रुपये की 28 परियोजनाएं पूरी होंगी।
इसी वर्ष दिसंबर तक 4470.59 करोड़ रुपये की 59 परियोजनाएं के पूरा होने की समयसीमा है। बैठक में स्पोर्ट्स स्टेडियम, शहर में विद्युतीकरण, इलेक्ट्रिक बसों के संचालन, वरुणा नदी चैनेलाइजेशन, पिंडरा आईटीआई निर्माण, क्रूज वोट संचालन, विभिन्न एसटीपी निर्माण, सीवर लाइनों के निर्माण व जीर्णोद्धार, आईपीडीएस फेज तीन की भी विस्तार से समीक्षा हुई है।
ये हैं प्रमुख परियोजनाओं की समयसीमा
- अंतरराष्ट्रीय सहयोग से निर्माणाधीन महत्वाकांक्षी परियोजना रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर- मार्च 2021
- बीएचयू में नर्सेज हॉस्टल, धर्मशाला, महिला छात्रावास, आईयूसीटीई भवन, छात्रावास में स्टूडेंट एक्टिविटी सेंटर -अगस्त-सितंबर, 2021
- जौनपुर-वाराणसी, आजमगढ़- वाराणसी तथा गाजीपुर-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्गों का चौड़ीकरण- जून-जुलाई 2021
- श्री काशी विश्वनाथ कॉरिडोर - अगस्त, 2021
- निर्माणाधीन गोदौलिया पर पार्किंग मार्च 2021, सर्किट हाउस के पास पार्किंग निर्माण मई 2021 तक, टाऊनहाल पर पार्किंग सितंबर, 2021 तक तथा बेनियाबाग पार्क में पार्किंग कार्य नवंबर 2021 तक पूर्ण हो जाएंगे