केंद्र सरकार के तीन साल पूरे होने पर सूबे के मुखिया सीएम योगी आदित्यनाथ 26 मई को वाराणसी में होंगे। पीएम के संसदीय क्षेत्र में वह दोपहर बाद पहुंचेंगे। शाम को नदेसर स्थित छोटी कटिंग स्कूल में सभा के साथ ही कुछ अन्य कार्यक्रमों की रूपरेखा बनाई जा रही है।
शहर में ही रात्रि विश्राम के बाद अगले दिन सीएम विकास कार्यों के साथ ही कानून व्यवस्था की समीक्षा करेंगे। पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात, बैठक और विकास कार्यों के औचक निरीक्षण सहित कई अन्य कार्यक्रम प्रस्तावित हैं।
अभी प्रोटोकाल जारी नहीं हुआ है लेकिन मुख्यमंत्री कार्यालय से मिले संकेतों के आधार पर प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है।
मोदी सरकार आगामी 26 मई को अपने तीन साल पूरे कर रही है। पीएम का संसदीय क्षेत्र होने के नाते यूपी सरकार का वाराणसी पर खास फोकस है। उच्चपदस्थ सूत्रों के मुताबिक सीएम योगी आदित्यनाथ 26 मई को गोरखपुर से सीधे वाराणसी पहुंचेंगे।
यहां उनके दो दिवसीय कार्यक्रम की रूपरेखा बनाई जा रही है। यहां निर्माणाधीन विकास परियोजनाओं की समीक्षा के साथ ही सीएम कुछ नई घोषणाएं भी कर सकते हैं। वाराणसी के लिए सरकार किसी विशेष पैकेज की घोषणा भी कर सकती है।
सीएम के दौरे को लेकर रविवार को छुट्टी के दिन भी प्रशासनिक अमला फाइलें दुरुस्त करने में जुटा रहा। बता दें, शनिवार को नगर विकास मंत्री शहर में थे।
उन्होंने समीक्षा बैठक के दौरान विकास कार्यों की धीमी गति और पेयजल समस्या पर खासी नाराजगी जताई थी और पिछले एक साल में रीबोर हुए हैंडपंप की टीएसी से जांच कराने का आदेश दिया था।