श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के आसपास की गलियों में कैमरों से सफाई की निगरानी की जाएगी। यहां लगे कैमरों को स्मार्ट सिटी के कमांड सेंटर से जोड़ा गया है। पायलट प्रोजेक्ट के तहत प्रथम चरण में पांच वार्डों में कूड़ा उठाने वाली गाड़ियों में कैमरे लगाए जाएंगे।
विज्ञापन
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि स्वच्छ व सुंदर काशी की परिकल्पना को साकार करने के लिए नगर निगम अब अत्याधुनिक तकनीक का सहारा लेने जा रहा है। शहर में डोर-टू-डोर कूड़ा उठाने वाले वाहनों में अब कैमरे लगाए जाएंगे। इन कैमरों के माध्यम से कूड़ा उठान पर नजर रखी जाएगी। इन वार्डों में खाली प्लॉटों में कूड़ा फेंकने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इन वार्डों में हर 500 मीटर पर बीट मैप तैयार किया गया है।
कालभैरव, दशाश्वमेध, बंगाली टोला, शिवाला एवं नगवां वार्डों में सफाई व्यवस्था और कूड़े के उठान को स्मार्ट बनाया जाएगा। पहले चरण में इन वार्डों का चयन किया गया है। बाद में इसे सभी 100 वार्डों में लागू किया जाएगा। यहां सफाई कर्मचारियों की शिफ्टवार तैनाती कर दी गई है। इन वार्डों में रहने वाले लोगों के मोबाइल नंबर लिए जा रहे हैं। उनसे फीडबैक भी लिया जाएगा। खाली प्लॉटों पर कूड़ा फेंकने वालों पर कार्रवाई के लिए नगर आयुक्त ने स्वास्थ्य निरीक्षकों को जिम्मेदारी दी है।