काशी में गंगा सफाई अभियान की मुहिम अब परवान चढ़ेगी। राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन के नमामि गंगे योजना के तहत गुरुवार को गंगा की निर्मलता और अविरलता के लिए काम तेज हो गया। मेयर रामगोपाल मोहले और नगर आयुक्त श्रीहरि प्रताप शाही ने नगर निगम में स्वच्छता पखवाड़ा का विधिवत उद्घाटन किया।
अभियान के माध्यम से जनजागरूकता और जन सहभागिता के माध्यम से लोगों में गंगा सफाई के प्रति जोड़ना है।
नमामि गंगा योजना के तहत नदी किनारे स्थित नगरीय क्षेत्रों, कस्बों, घाटों और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को राष्ट्रीय नदी को स्वच्छ बनाने एवं उसमें जलीय जंतुओं को संरक्षित करने केप्रति जागरूकता लाना है।
31 मार्च तक चलने वाले इस सफाई पखवाड़े की जिम्मेदारी पर्यावरण शिक्षण केंद्र को दी गई है। उद्घाटन अवसर पर मेयर ने कहा कि गंगा में घरेलू कचरे को प्रवाहित करने से रोकना, प्रदूषण में कमी लाना, सीवेज को गंगा न बहाने के लिए लोगों को जागरूक किया जाएगा।
गंगा की निर्मलता और अविरलता के लिए लंबे समय से प्रयास किए गए लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। अब नए सिरे से गंगा पर काम शुरू हुआ है। इसका असर दिखेगा और गंगा को साफ सुथरा बनाने में सफल होंगे।
नगर आयुक्त ने नगर निगम की ओर से बनाए गए सफाई दूतों, नागरिकों से अपील की कि वे इस अभियान से जुड़कर गंगा के साथ घाटों और शहर को साफ सुथरा बनाने में अपना सहयोग करें।
शिक्षण केंद्र के प्रोजेक्ट कोआर्डीनेटर नीरज कुमार पाल ने कहा कि पखवाड़े के अंतर्गत गंगा संदेश यात्रा, गंगा स्वच्छता श्रमदान, गंगा प्रर्दशनी सहित विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इसके अलावा प्रशासन, पंचायत प्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संगठनों, गंगा टास्क फोर्स, एनएसएस, नेहरू युवा केंद्र, रोटरी क्लब का भी सहयोग लिया जाएगा।