यूपी निकाय चुनाव के तीसरे और अंतिम चरण का मतदान बुधवार को पूर्वांचल के जौनपुर, मिर्जापुर, मऊ और चंदौली में होगा। देर शाम तक पोलिंग पार्टियां मतदान केंद्रों पर पहुंच गईं। मतगणना एक दिसंबर को होगी।
जौनपुर में तीन नगरपालिकाओं एवं छह नगर पंचायतों में कुल 3.12 लाख मतदाता चेयरमैन पद के 86 और सदस्य पद के 1041 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। मिर्जापुर में तीन नगर पालिकाओं और एक नगर पंचायत के लिए दो लाख 51 हजार 703 मतदाता मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे।
यहां अध्यक्ष पद के 36 और सदस्य पद के 666 प्रत्याशी मैदान में हैं। मऊ में एक नगरपालिका और नौ नगर पंचायतों में अध्यक्ष पद के 97 और सदस्य पद के 1075 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला 3,81,340 मतदाता करेंगे।
चंदौली में एक नगर पालिका और तीन नगर पंचायतों में अध्यक्ष पद के 38 और सदस्य पद के 397 प्रत्याशी मैदान में हैं। इनके भाग्य का फैसला एक लाख 17 हजार 577 मतदाता करेंगे।