चौकाघाट फ्लाईओवर के निर्माण के दौरान कैंट तिराहे पर शटरिंग हादसे से सेतु निगम के अधिकारियों ने सबक लिया है। अब अधिकारियों ने नई कार्ययोजना तैयार की है। इसके तहत एक पिलर से दूसरे पिलर के बीच होने वाले काम के लिए यातायात विभाग से अनुमति ली जाएगी। जिन दो पिलर के बीच काम होगा, उनकी बैरिकेडिंग कर यातायात को डायवर्ट किया जाएगा।
साथ ही वहां पर सुरक्षाकर्मियों की भी तैनाती की जाएगी। पहले सेतु निगम पूरे कार्य के लिए एकसाथ अनुमति लेता था। अब नई व्यवस्था के तहत एक-एक काम के लिए अनुमति ली जाएगी। बीते 11 अक्टूबर की शाम पौने चार बजे हुए हादसे में गाजीपुर जमानिया के कुलदीप राय घायल हो गए थे। उनका इलाज बीएचयू ट्रामा सेंटर में चल रहा है।
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के निर्देश पर सेतु निगम के एमडी पीके कटियार ने सहायक अभियंता जेएस तिवारी को निलंबित कर दिया है। सेतु निगम के महाप्रबंधक सुनील कुमार ने बताया कि काम शुरू करने के लिए एसपी ट्रैफिक के यहां पत्र भेजकर अनुमति मांगी गई है। वहां से ट्रैफिक डायवर्जन मिलते ही काम शुरू करा दिया जाएगा। परियोजना प्रबंधक एके सिंह ने बताया कि अनुमति मिलते ही काम शुरू करा दिया जाएगा।
घटना के बाद शासन से गठित तीन सदस्यीय जांच टीम में शामिल सेतु निगम गाजियाबाद के महाप्रबंधक अशेष श्रीवास्तव, गोरखपुर के मुख्य परियोजना प्रबंधक दीपक गोविल और प्रयागराज के मुख्य परियोजना प्रबंधक आरके सिंह ने रविवार को घटनास्थल का मौका मुआयना किया। इसके बाद रवाना हो गए। इन अधिकारियों की रिपोर्ट में के आधार पर ही सहायक अभियंता जेएस तिवारी निलंबित हुए थे।