प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सांसद आदर्श गांव डोमरी स्थित बाल विद्यालय के समीप निर्माणाधीन मकान में मंगलवार को एक बच्चे का शव मिला। बच्चे की गर्दन और गले पर मिले निशान के आधार पर उसकी गला दबाकर हत्या की आशंका जताई गई है। बच्चा कैसे गायब हुआ और उसकी हत्या क्यों की गई, इसे लेकर राज बरकरार है। रामनगर थाने की पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर प्रकरण की जांच कर रही है।
चंदौली जिले के मुगलसराय थाना अंतर्गत भोजपुर गांव निवासी शिवकुमार सेठ उर्फ पल्लू की पत्नी दीपा ने बताया कि उसका 10 वर्षीय बेटा कृष्णा सेठ सोमवार की दोपहर खेलने के लिए घर से बाहर निकला था। इसके बाद उसका कहीं पता नहीं लगा। उसकी खोजबीन की जा रही थी कि इसी बीच मंगलवार को घर से कुछ दूरी पर स्थित डोमरी गांव में एक बच्चे का शव मिलने की सूचना पर सभी शंकावश वहां गए। शव की शिनाख्त कृष्णा के तौर पर होते ही दीपा अचेत हो गई।
उधर, कृष्णा के पिता और शादी में मंडप सजाने का काम करने वाले पल्लू सेठ ने बताया कि कृष्णा कक्षा चार में बाल विद्यालय डोमरी में पढ़ता था। बड़ी बहन प्रिया और कृष्णा दोनों साथ-साथ स्कूल जाते थे। कृष्णा यहां कैसे आया, कुछ समझ में नहीं आ रहा है। वहीं, जिस निर्माणाधीन मकान में कृष्णा का शव मिला वहां शराब और बीयर की बोतल के अलावा एक चूल्हा और गोबर भी मिला। एसपी सिटी विकास चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि प्रथम दृष्टया यही प्रतीत हुआ है बच्चे की गला दबाकर हत्या करने के बाद यहां शव फेंका गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर घटनास्थल के एक किलोमीटर के दायरे में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। सर्विलांस और मुखबिरों की मदद से वारदात की गुत्थी जल्द सुलझाई जाएगी।