फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

छठ महापर्व : खरना कर शुरू किया 36 घंटे का निर्जला व्रत, संध्याकाल में 72 मिनट होगी पूजा

विज्ञापन
छठ पर शनिवार को ​बिजली की छटा के जगमगाता कचहरी का शास्त्री घाट । अमर उजाला
विज्ञापन
वाराणसी। भगवान सूर्य की उपासना के चार दिवसीय महापर्व के दूसरे दिन शनिवार को व्रती महिलाओं ने खरना कर 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू किया। उन्होंने दिनभर व्रत रखकर छठ मइया की पूजा की। गंगा घाटों, कुंडों और तालाबों पर बनी वेदियों पर दीप जलाए। लोक परंपरा के अनुसार जल लाकर खरना का प्रसाद तैयार किया और माता को भोग लगाकर पूजा की। इसके बाद खरना का प्रसाद ग्रहण किया। व्रती रविवार को दिनभर व्रत रखकर संध्यावेला में अस्ताचलगामी सूर्यदेव को अर्घ्य देंगी। सोमवार को पूजा कर उगते सूर्यदेव को अर्घ्य देकर पारण करेंगी। सूर्यास्त से 72 मिनट पहले और 72 मिनट बाद तक संध्याकाल की पूजा होगी। घाटों व कुंडों पर आस्था का सैलाब उमड़ेगा।
विज्ञापन

महिलाओं ने दिनभर व्रत रखकर खरना किया। अधिकतर महिलाएं सुबह गंगा स्नान कर गंगाजल लेकर आईं। एक-दूसरे को सिंदूर लगाया और अखंड सुहाग तथा संतान की सुख-समृद्धि की कामना की। परंपरागत विधि-विधान से वेदी सजाकर खरना पूजन किया। दिनभर निर्जला व्रत रखा। शाम को चूल्हे में आम की लकड़ी जलाकर गुड़ और चावल से बखीर तथा गेहूं की रोटी बनाई। ज्यादातर महिलाओं ने गंगाजल से प्रसाद तैयार किया। इसे सूर्यदेव और छठी मइया को अर्पित करने के बाद व्रतियों ने स्वयं ग्रहण किया। इसी के साथ उनका 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू हो गया। दिन में तीन बजे के बाद व्रती महिलाओं के कदम घाटों की ओर बढ़ने लगे। पहले घाटों पर बैठकर महिलाओं ने छठ मइया के गीत गुनगुनाए। इसके बाद गंगा स्नान कर दीपदान किया। घाटों के किनारे बनाई गई वेदियों पर दीप जलाए। वहीं, छठ व्रत रखने वाले लोगों के घरों में सुबह-शाम छठ के गीत गूंज रहे हैं। उधर, छठ महापर्व के लिए घरों में तैयारियां तेज हो गई हैं। दूर-दराज से रिश्तेदार भी इस पूजन में शामिल होने के लिए पहुंचे हैं। अस्सी स्थित राघव मंदिर में दूर-दराज से लोग छठ पूजा के लिए पहुंचे थे।

डूबते सूर्य को 5:24 बजे से पहले और 6:36 बजे के बाद उगते सूर्य को दें अर्घ्य
कार्तिक शुक्ल पक्ष की षष्ठी तिथि यानी छठ महापर्व के तीसरे दिन रविवार को व्रती अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देंगे। श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर न्यास के पूर्व अध्यक्ष एवं प्रख्यात ज्योतिषविद् प्रो. नागेंद्र पांडेय ने बताया कि रविवार को सूर्यास्त शाम 5:24 बजे होगा। संध्याकाल तीन घटी का होता है। एक घटी 24 मिनट की होती है। इस तरह 72 मिनट तक संध्याकाल रहेगा। इस दौरान अर्घ्य भी दे सकते हैं। सोमवार को सूर्योदय सुबह 6:36 बजे होगा। इस समय भी तीन घटी सूर्योदय काल की पूजा होगी।
विज्ञापन

सूर्यदेव अंतरिक्ष के प्रधान देवता
उन्होंने बताया कि सूर्यदेव अंतरिक्ष के प्रधान देवता हैं। वैदिक परंपरा में सूर्यदेव प्रत्यक्ष देवता हैं और उनके बिना सृष्टि की कल्पना नहीं की जा सकती। इसलिए उनकी पूजा श्रेष्ठ मानी जाती है। सूर्य षष्ठी पर सूर्यास्त के समय बांस की टोकरी में ठेकुआ, फल, नारियल, गन्ना और चावल के लड्डू सजाकर व्रती नदी, कुंड या तालाब के किनारे कमर तक पानी में खड़े होकर दूध और जल मिलाकर सूर्य को अर्घ्य दें। सूप में सजाई गई सामग्री सूर्यदेव को अर्पित कर लोकगीत या मंत्रों का जाप करना चाहिए। सूर्य को अर्घ्य देते समय सबसे प्रचलित मंत्र ''ॐ घृणि सूर्याय नमः'' लगातार दोहराना चाहिए। संध्याकाल में अर्घ्य देने से स्वास्थ्य और समृद्धि की प्राप्ति होती है तथा पापों का नाश होता है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें