ड्रोन से निगरानी, एनडीआरएफ की नौ टीमें संभालेंगी मोर्चा
सुरक्षा के लिहाज से गंगा घाटों, कुंडों और तालाबों पर विशेष इंतजाम किए गए हैं। एनडीआरएफ की नौ टीमें तैनात रहेंगी। प्रत्येक टीम में 30 बचावकर्मी शामिल होंगे। इनके पास रेस्क्यू मोटर बोट, वाटर एंबुलेंस, लाइफ जैकेट, लाइफ बॉय, ऑक्सीजन सिलिंडर और प्रशिक्षित गोताखोर होंगे। आठ प्रमुख घाटों और सरोवरों पर अग्निशमन कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। पुलिस ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी करेगी। कंट्रोल रूम से भी भीड़ पर नजर रखी जाएगी। एनडीआरएफ की टीमें बरेका सूर्य सरोवर और शिवपुर के गणेश पोखरा में भी तैनात हैं।
हालांकि, सुरक्षा इंतजामों के बीच घाटों की कुछ चुनौतियां भी चिंता बढ़ा रही हैं। नगर निगम ने हादसों की आशंका वाले 30 घाटों और स्थानों को ब्लैक स्पॉट के रूप में चिह्नित किया है। इनमें तुलसी घाट, ललिता घाट, अस्सी घाट, सामने घाट, पंचगंगा घाट, मुंशी घाट, नमो घाट और केदार घाट प्रमुख हैं। इन स्थानों पर पानी में बैरिकेडिंग और जेटी की व्यवस्था नहीं होने का मुद्दा भी सामने आया है। एक रिपोर्ट के अनुसार घाटों पर जल पुलिस के 40 जवान, 10 गोताखोर और 10 स्थानीय मल्लाहों की तैनाती की जानकारी दी गई है। ऐसे में लाखों की भीड़ के बीच जल सुरक्षा पर विशेष सतर्कता की जरूरत होगी।
घाटों की ओर वाहन ले जाने पर रोक, रात में तीन घंटे ही भारी वाहनों को छूट
भीड़ को नियंत्रित करने के लिए यातायात पुलिस ने 15 और 16 नवंबर के लिए विशेष डायवर्जन प्लान लागू किया है। रविवार दोपहर 12 से रात आठ बजे तक और सोमवार भोर तीन से सुबह आठ बजे तक कई मार्गों पर प्रतिबंध रहेगा। रामापुरा चौराहे से गोदौलिया की तरफ वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। छठ पूजा से जुड़े वाहनों को मजदा टॉकीज और सनातन धर्म इंटर कॉलेज की ओर डायवर्ट कर पार्क कराया जाएगा। गोदौलिया से दशाश्वमेध, राजेंद्र प्रसाद और शीतला घाट की तरफ भी वाहन नहीं जा सकेंगे। बेनिया तिराहे से रामापुरा जाने वाले वाहनों को बेनिया-पियरी मार्ग की ओर मोड़ा जाएगा।
भारी वाहनों को 15 और 16 नवंबर को रात 11 बजे से सुबह दो बजे तक ही नो-एंट्री में छूट मिलेगी। इसके बाद सुबह दो बजे से नगर क्षेत्र में उनका प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। एडीसीपी ट्रैफिक अंशुमान मिश्रा के अनुसार, श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए यह व्यवस्था लागू की गई है।
आस्था के इस महापर्व पर प्रशासन के सामने दोहरी जिम्मेदारी है। एक तरफ व्रतियों को घाटों तक सुरक्षित पहुंचाना और दूसरी तरफ गंगा की गहराई, भीड़ और यातायात से जुड़ी चुनौतियों से निपटना। ऐसे में श्रद्धालुओं की सतर्कता और प्रशासनिक मुस्तैदी ही छठ के आयोजन को सुरक्षित और सुगम बनाने में अहम होगी।