चौक के कचौड़ी गली निवासी नमन पांडेय के खिलाफ युवती ने पूर्व में भी दुष्कर्म सहित अन्य मामलों में मुकदमा दर्ज कराया था। इसके बावजूद आरोपी नमन ने पीड़िता के घर जाकर हंगामा, गाली-गलौज और छेड़छाड़ का प्रयास किया। पड़ोसियों की सूचना पर पहुंची भेलूपुर पुलिस ने आरोपी को मंगलवार की रात हिरासत में लिया। वहीं, शौचालय के बहाने पुलिसकर्मियों को चकमा देकर थाने से भागने का प्रयास किया, जिसे संतरी ने दौड़ाकर सोनारपुरा रोड से पकड़ा था।
बुद्धा सिटी सारनाथ से बंद मकान से लाइसेंसी पिस्टल समेत अन्य माल पर हाथ साफ करने वाले पांच बदमाशों को सारनाथ पुलिस ने बृहस्पतिवार को हृदयपुर अंडर पास से गिरफ्तार किया। कब्जे से .32 बोर की पिस्टल, पांच राउंड कारतूस, आभूषण, नगदी समेत अन्य माल बरामद हुए। गिरफ्तार आरोपियों ने आधा दर्जन से अधिक चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है।
डीसीपी वरुणा आरती सिंह के अनुसार गिरफ्तार बदमाशों में आजमगढ़ स्थितकंधरापुल निवासी विशाल कुमार, जो सारनाथ के बरईपुर में किराये पर रहता है। लालपुर-पांडेयपुर के रमदत्तपुर का रहने वाला इरशाद और शनि धरकार, अकथा निवासी चिरंजू कुमार और एक बालअपचारी भी शामिल है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह गिरोह के तहत चोरी की घटनाओं को अंजाम देते हैं।
गिरोह का विशाल कुमार छह माह पूर्व ही जेल से छूटा था और फिर से चोरी की घटनाओं में संलिप्त हो गया। इसके खिलाफ विभिन्न थानों में दर्जन भर से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह 24 सितंबर को बुद्धा सिटी फेज-टू में कमरे का ताला तोड़कर लाइसेंसी पिस्टल, कारतूस, डेढ़ लाख नकदी, हीरे व सोने का हार सहित अन्य आभूषण पर हाथ साफ किया था। इसके पूर्व परशुरामपुर, लोहिया नगर में भी चोरी की घटनाओं को अंजाम सभी दे चुके हैं। डीसीपी के अनुसार बदमाशों को सारनाथ थाना प्रभारी धर्मपाल सिंह की टीम ने गिरफ्तार किया।
मिर्जामुराद के तमाचाबाद में पिछले हफ्ते खड़े ट्रक से चोरी 85 पेटी पेंट मामले में पुलिस ने गुरुवार को मुकदमा दर्ज किया। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस मामले की तफ्तीश कर रही है। कछवारोड स्थित ढाबा के पास बीते मंगलवार की रात खड़े ट्रक से तिरपाल काटकर 85 पेटी पेंट चोरी हुआ था।
ट्रक हरियाणा से कोलकाता पेंट लेकर जा रहा था। ड्राइवर यूनुस सलीम निवासी सादीपुर, नगीना हरियाणा ने तहरी दी थी। पुलिस चौकी और थाने का चक्कर लगाता रहा लेकिन मुकदमा दर्ज नहीं हुआ, उच्चाधिकारियों के निर्देश पर मिर्जामुराद पुलिस ने चोरी संबंधी मुकदमा दर्ज किया।