बक्सा। सोनानंदन पेट्रोलियम पंप बक्सा पर मतदान चिह्न दिखाने पर दो रुपये पेट्रोल और एक रुपया सस्ता डीजल मिलेगा। इसका लाभ लोगों को 7, 8 और 9 मार्च तक मिलेगा। यह स्कीम शुक्रवार को सोनानंदन पेट्रोलियम बक्सा की ओर से मतदान जागरूकता के क्रम में ग्राहकों के लिए लाया है। इस पेट्रोल पंप पर जिला निर्वाचन अधिकारी मनीष कुमार वर्मा के निर्देशन में मतदान जागरूकता संगोष्ठि का आयोजन किया गया। इसका शुभारंभ जिला पूर्ति अधिकारी संतोष विक्रम शाही ने पेट्रोल पंप पर मौजूद दो पहिया और चार पहिया वाहनों पर मतदाता जागरूकता स्टीकर चिपका कर किया।
जिला पूर्ति अधिकारी संतोष विक्रम शाही ने कहा कि मतदान हमारे लोकतंत्र का एक बड़ा हिस्सा है। मतदान हर वोटर के लिए ऐसा अधिकार है, जिसका प्रयोग करने के बाद देश का भविष्य निर्धारित होता है। उन्होंने सभी से सात मार्च को सबसे पहले मतदान करने और दूसरों को भी जागरूक करने की अपील की। पेट्रोलियम संघ के अध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह ने कहा कि सोनानंदन पेट्रोलियम बक्सा की ओर से ग्राहकों के लिए एक योजना लाई गई है, जिसमें सात मार्च को मतदान करने के पश्चात मतदान चिह्न दिखाने के बाद दो रुपये पेट्रोल और एक रुपया डीजल सस्ता दिया जाएगा। लोगों को इसका लाभ 7, 8 और 9 मार्च तक दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि मतदान न केवल हमारा अधिकार है, बल्कि हमारा कर्तव्य भी है। इस मौके पर कंचन सिंह, रामपाल सिंह, राजनाथ यादव, जयसिंह यादव, बाबा पेट्रोलियम, अजय सिंह, आशीष कुमार सिंह, आरकेबीके पेट्रोलियम, रामदयाल द्विवेदी, वीरेंद्र सिंह, सत्येंद्र सिंह, राजेश मौर्य आदि मौजूद रहे।