ललिता घाट का ऐतिहासिक पशुपति नाथ मंदिर
- फोटो : अमर उजाला
धर्मनगरी काशी में कुछ ऐसा होने जा रहा है कि नेपाली समुदाय में हड़कंप मचा हुआ है। हालांकि अभी ऐसा कुछ तय नहीं हुआ है। दरअसल, श्री काशी विश्वनाथ कॉरिडोर योजना के तहत ललिता घाट स्थित मंदिर के ध्वस्तीकरण की जानकारी से नेपाली समुदाय में हड़कंप मचा हुआ है। काशी से काठमांडू तक नेपाली समुदाय के लोग अपनी इस धरोहर की रक्षा के लिए एकजुट होने लगे हैं।
पढ़ेंः
काशी में भारतीयों-नेपालियों की आस्था और मैत्री का प्रतीक खतरे में
स्थानीय स्तर पर नेपाली समिति ने पूरे मामले की रिपोर्ट विदेश मंत्रालय, राजदूत और नेपाली पीएम कार्यालय को भी भेज दी है। इसके अलावा इंग्लैंड के नेपाली समुदाय के लोग भी इस मामले में मदद के लिए आगे आ गए हैं।
बुधवार को श्री साम्राज्येश्वर पशुपति नाथ महादेव मंदिर तथा धर्मशाला संचालक समिति के लोगों ने पशुपति नाथ मंदिर को लेकर विचार विमर्श किया। स्थानीय अधिकारियों ने नेपाल की इस संपत्ति के बारे में अपनी पूरी रिपोर्ट भेज दी है।
श्री साम्राज्येश्वर पशुपति नाथ महादेव मंदिर तथा धर्मशाला संचालक समिति के राष्ट्रीय महासचिव डॉ. गोपाल प्रसाद अधिकारी, बीएचयू के चिकित्सक डॉ. विजय नाथ मिश्र, साउथ एशिया फाउंडेशन के जनरल सेक्रेटरी राहुल बरुआ आदि ने कहा कि अभियान चलाकर इस धरोहर को बचाने का प्रयास किया जाएगा।