सीडीओ पुलकित खरे ने बुधवार को शिवप्रसाद गुप्त मंडलीय अस्पताल का निरीक्षण किया। अस्पताल में अव्यवस्था देख गहरी नाराजगी जताई। इमरजेंसी वार्ड के सामने तक सफाई नहीं थी। मेडिकल कचरा पड़ा था। मरीजों से बात की तो पता चला कि समय पर भोजन और नाश्ता नहीं मिलता। नाराज सीडीओ ने सफाई कराने वाली कंपनी का ठेका निरस्त करने और दो नर्सों के निलंबन का निर्देश दिया।
गत दिनों डीएम ने निरीक्षण कर व्यवस्था सुधारने का निर्देश दिया था। बुधवार को सुबह नौ बजे सीडीओ पहुंचे तो कुछ खास सुधार नहीं पाया। सबसे पहले इमरजेंसी में अभिलेखों की जांच की। यहां से वार्ड नंबर सात पहुंचे, जहां तीन मरीजों ने मंगलवार रात में भोजन और सुबह नाश्ता न मिलने की शिकायत की। इस पर सीडीओ ने जांच समिति गठित कर रात्रिकालीन और सुबह की ड्यूटी पर तैनात नर्स को निलंबित करने का निर्देश एसआईसी को दिया। यहां टॉयलेेट भी गंदा मिला। पेयजल की व्यवस्था ठीक नहीं थी।
सीडीओ ने हर दिन वाटर गैलन मंगाने का निर्देश दिया। इसके बाद ब्लड बैंक और पैथालॉजी पहुंचे। मरीजों को जांच रिपोर्ट देते समय उनका हस्ताक्षर कराने का निर्देश दिया। सुरक्षा के लिए 20 होमगार्ड मुहैया कराने का निर्देश होमगार्डस कमांडेंट को दिया। एक्सरे और अल्ट्रासाउंड कक्ष में मरीजों की भीड़ देख भड़क गए और सीएमओ को टोकन सिस्टम की व्यवस्था लागू करने की बात कही। जून के पहले सप्ताह में यहां आए डीएम विजय किरन आनंद ने हर दिन अलग-अलग रंग की चादर बदलने का निर्देश दिया था लेकिन अब तक व्यवस्था को अमल में नहीं लाया जा सका। सीडीओ ने व्यवस्था में सुधार लाने के लिए सीएमओ और एसआईसी को निर्देश दिया।