जिले के बैंकों और डाकघरों में गुरुवार से 500 और 1000 के नोट बदले जाएंगे। एसबीआई के एक अधिकारी ने बताया कि एक दिन में एक व्यक्ति के चार हजार रुपये बदले जाएंगे। इसके लिए आरबीआई से बुधवार को प्रोफार्मा आया है जिसे भरकर जमा करना होगा। इसमें नाम, पता, मोबाइल नंबर के अलावा 500 और 1000 के नोट की संख्या देनी होगी। साथ ही सरकार की ओर से जारी कोई भी पहचान पत्र दिखाना होगा और उसकी एक फोटोकॉपी जमा भी करनी होगी। 500 और 1000 के नोट जमा करने वालों को 100-100 के नोट दिए जाएंगे। सभी बैंक के एटीएम से भी 11 नवंबर से नए नोट मिलने शुरू हो जाएंगे लेकिन शुरू में उपभोक्ता दो हजार से ज्यादा की रकम निकाल नहीं सकेंगे।
बैंक सुबह 10 बजे खुलेंगे लेकिन शाम पांच बजे बंद नहीं होंगे। रात आठ बजे तक नोटों की अदला-बदली की जाएगी। प्रवर अधीक्षक डाक अभिनव प्रताप सिंह और पश्चिमी मंडल के डाक अधीक्षक जीएस सिंह ने बताया कि सभी डाकघरों से नोटों की अदला-बदली की जाएगी। काशी गोमती संयुत ग्रामीण बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक श्रीकांत उपाध्याय ने बताया कि आरबीआई की ओर से निर्देश मिला है कि शनिवार और रविवार को बैंक सामान्य दिनों की तरह खुले रहेंगे। वाराणसी परिक्षेत्र की सभी 60 शाखाओं में उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए अलग से काउंटर बनाए जा रहे हैं। ओरिएंटल बैंक ऑफ कामर्स के वरिष्ठ शाखा प्रबंधक रौशन कुमार ने बताया कि बैंक में विशेष काउंटर की व्यवस्था कराई गई है।
आरबीआई के निर्देश पर एसबीआई ने सभी बैंक के शाखाओं और एटीएम से 500 और 1000 के नोट मंगा लिए हैं। इसकी काउंटिंग करके देर रात तक सूचना आरबीआई को भेजी गई है। साथ ही बैंकों के पास पड़े 100, 50, 20 और 10 के नोट अन्य शाखाओं और एटीएम में डालने की तैयारी चल रही है। इन्हीं नोटों से 500 और 1000 के नोटों को बदला जाएगा।
बैंकों में गुरुवार को मजिस्ट्रेट और पुलिस के पहरे में नोट बदले जाएंगे। हर थाना स्तर पर टीमें बनाई गई हैं। टीमें बैंकों पर ड्यूटी करने के साथ ही क्षेत्र में पेट्रोलिंग भी करेंगी। बैंकों को अपने यहां नोट बदलनेे के लिए अतिरिक्त काउंटर लगाने का निर्देश दिया गया है। मुख्य सचिव राहुल भटनागर ने बुधवार शाम वीडियो कांफ्रें सिंग के जरिए कमिश्नर, डीएम और एसएसपी समुचित व्यवस्था कराने का निर्देश दिया। कहा, बैंक अपने-अपने सीसीटीवी दुुरुस्त करा लें। जहां कैमरे नहीं हैं, वह वीडियोग्राफी कराएं। इस संदर्भ में कमिश्नर नितिन रमेश गोकर्ण ने अग्रणी बैंक प्रबंधक को निर्देशित किया है कि वह स्वयं देखे कि सभी बैंकों के शाखा में मांग के अनुरूप नई करेंसी की उपलब्धता हो। वीडियो कांफ्रेसिंग के दौरान आईजी एसके भगत, डीआईजी, जिलाधिकारी योगेश्वर राम मिश्र, एसएसपी नितिन तिवारी मौजूद थे।
वाराणसी। पेट्रोल टंकियों, सरकारी अस्पतालों के साथ ही एलपीजी गैस एजेंसियों पर भी 500 और 1000 रुपये के नोट स्वीकार किए जाएंगे। 11 नवंबर तक सभी एजेंसियों को ऐसा करने के निर्देश दिए गए हैं। यह जानकारी इंडेन के स्थानीय अधिकारी सत्यम मिश्रा ने दी। वहीं दूसरी ओर राज्य स्तरीय तेल समन्वयक व कार्यकारी निदेशक इंडियन ऑयल कार्पोरेशन लिमिटेड अविनाश वर्मा ने बताया कि भारत सरकार की तीनों ऑयल मार्केटिंग कंपनियों द्वारा सभी पेट्रोल पंप तथा गैस एजेंसियों पर तेल व गैस की आपूर्ति के लिए 500 और 1000 के नोट स्वीकार किए जाएंगे। यह सुविधा सभी ग्राहकों के लिए 11 नवंबर की मध्य रात्रि 12 बजे तक इसी प्रकार लागू रहेगा। असुविधा होने पर पेट्रोल पंपों और गैस एजेंसियों पर प्रदर्शित विक्रय अधिकारी के मोबाइल नंबर पर संपर्क कर सकते हैं।