पीडीडीयू नगर। लॉकडाउन के तीसरे चरण में ग्रीन जोन में दुकानें के खुलने से सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं हो पा रहा था। इसके देखते हुए नगर पालिका सहित नगर पंचायतों में रोस्टर से दुुकानें खोलने की व्यव्स्था की गई। ताकि लोगों की भीड़ कम हो और सोशल डिस्टेंस का पालन होता रहे। पीडीडीयू नगर में शुक्रवार से यह व्यवस्था शुरू की गई लेकिन सुबह बाजार खुलने के बाद इसका बहुत असर नहीं दिखा। सामान्य दिनों की तरह बाजार खुले और भीड़ लगी रही।
ग्रीन में शामिल चदौली में जिला प्रशासन ने सशर्त दुकानों के खोलने की छूट दी। जिसके चलते बाजार में काफी भीड़ होने लग गयी। सोशल डिस्टेंस का पालन कर पाना प्रशासन के चुनौती बन गया। खासतौर पर पीडीडीयू नगर क्षेत्र में इसका पालन नहीं होता दिखाई दिया। इससे निपटने के लिए व्यापारियों के साथ बैठक केबाद एसडीएम कुमार हर्ष ने रोस्टर व्यवस्था लागू की। जिसके अनुसार शुक्रवार को नगर क्षेत्र में मोबाइल, हार्डवेयर,पेंट, सेनेटरी, लोहे, साइकिल, इलेक्ट्रिक, इलेक्ट्रॉनिक्स, बर्तन, ऑटो मोबाइल की दुकानें खुलनी थी। जबकि फल, सब्जी और दूध की डोर स्टेप डिलेवरी, मेडिकल, किराना और ऑटो गैराज को प्रतिदिन खोलने की छूट दी गई है। बावजूद इसके अन्य की दुकाने भी खुली रही। भीड़ के कारण बाजार में हल्का जाम भी लगा रहा। सोशल डिस्टेंस का पालन कहीं भी होता दिखाई भी नहीं दिया।
ऐसे बनाया गया है दुकानों के रोस्टर
पीडीडीयू नगर। इस रोस्टर के अनुसार मोबाइल, हार्डवेयर, पेंट, सेनेटरी, लोहे, साइकिल, इलेक्ट्रिक, इलेक्ट्रॉनिक्स, बर्तन, ऑटो मोबाइल की दुकानें सप्ताह में तीन दिन रविवार, बुधवार और शुक्रवार को खुलेंगी। वहीं रेडीमेड वस्त्र, जूट ,चप्पल, चश्मा, बुक, स्टेशनरी, मोहर, फर्नीचर, बैग, अटैची, ज्वैलरी, टेलरिंग, कॉस्मेटिक, स्पोर्ट्स और गिफ्ट की दुकाने मंगलवार, बृहस्पतिवार और शनिवार को खुलेंगी। सभी दुकानों के खोलने का समय सुबह सात बजे से शाम सात बजे तक होगा। जबकि फल, सब्जी और दूध की डोर स्टेप डिलेवरी, मेडिकल, किराना और ऑटो गैराज को प्रतिदिन खोलने की छूट दी गई है। ऑटो गैरेज रिपेयरिंग का कार्य गैरेज के भीतर ही करेंगे।
बैंकों के बाहर लगी रही भीड़
पीडीडीयू नगर। प्रशासन के तमाम प्रयास के बाद भी लोग दो गज की दूरी नहीं बना पाए रहे है। सामान्य दिनों की तरह इस संक्रमण काल में भी लाइन में बिना उचित दूरी के लोग खड़े हो रहे है। सबसे अधिक ख़राब स्थिति नगर में बैंकों के बाहर लगने वाली लाइन की है। जहां सोशल डिस्टेंस का पालन नहीं हो रहा है। इस बावत लोगों का कहना रहा कि जब दुकानों के बाहर लाइन में लगे लोगों को सोशल डिस्टेंस का पालन कराने की जिम्मेदारी दुकानदारों की है तो बैंक के बाहर लगने वाली लाइन में लोग दो गज की दूरी पर खड़े रहे तो इनका पालन भी बैंककर्मियों को करवाना चाहिए। इसमें बैंक के साथ ही लोगों को भी अपनी जिम्मेदारी से सोशल डिस्टेंस का पालन करना होगा। बैंकों के बाहर इस तरह की भीड़ भारी पड़ सकती है।