चंदौली नामांकन स्थल पहुंचे केंद्रीय मानव संसाधन विकास राज्य मंत्री डा. महेंद्र नाथ पांडेय
- फोटो : अमर उजाला
पार्टी प्रत्याशियों का नामांकन कराने गुरुवार को चंदौली नामांकन स्थल पहुंचे केंद्रीय मानव संसाधन विकास राज्य मंत्री डा. महेंद्र नाथ पांडेय और एमएलसी केदारनाथ सिंह की सुरक्षा कर्मियों के साथ नोंकझोक हो गई। दरअसल नामांकन स्थल के बाहर तैनात एक दरोगा द्वारा प्रस्तावकों के कागजात चेक करना केंद्रीय मंत्री को नागवार लगा।
उनका कहना था कि सुरक्षा कर्मियों का कार्य सुरक्षा के दृष्टिगत निरीक्षण करना है ना ही कागज चेक करना। इसी बात को लेकर भाजपाजन और सुरक्षाकर्मियों में काफी देर तक बहस हुई।
नाराज मंत्री जी ने जिला निर्वाचन अधिकारी को फोन कर मामले की शिकायत भी की।
केंद्रीय मंत्री डा. महेंद्र नाथ पांडेय और एमएलसी केदारनाथ सिंह भाजपा प्रत्याशियों का नामांकन कराने के लिए समर्थकों संग नामांकन स्थल पहुंचे।
यहां तैनात दरोगा साजिद सिद्दीकी ने प्रत्याशी और प्रस्तावकों को रोक लिया और उनके कागज चेक करने लगे।
इस पर मंत्री जी ने ऐतराज व्यक्त करते हुए कहा कि यह काम निर्वाचन अधिकारियों का है ना ही सुरक्षाकर्मी का। इसपर दरोगा ने भी अपना तर्क रखा।
डा. महेंद्र नाथ पांडेय ने कहा कि पुलिस अपनी सीमा से आगे बढ़कर कार्य कर रही है। पुलिस को निर्वाचन प्रक्रिया की कोई जानकारी ही नहीं है जो खेदजनक है। उन्होंने जिला निर्वाचन अधिकारी को पूरे मामले से अवगत कराया।